SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय हजारीबाग के चौपारण में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 16...

हजारीबाग के चौपारण में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 16 घायल

0
2

हजारीबाग, 9 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में जीटी रोड पर चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए।

हादसा हथिया बाबा के पास महानेटांड कट के समीप उस समय हुआ, जब एक सवारी गाड़ी और ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल सवारी गाड़ी में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका, बिहारो और सलैया गांव के लोग सवार थे। वे एक करीबी के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन के ऊपर शव रखा हुआ था। महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली होने पर सवारी गाड़ी को सड़क किनारे रोककर लोग उसे ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को हजारीबाग रेफर किया गया। राहत और बचाव कार्य में 1033 हेल्पलाइन तथा एंबुलेंस सेवाओं की भी मदद ली गई।

हादसे के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रेलर चालक की पहचान के लिए जांच जारी है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम