SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली: दीपावली पर पटाखों से 172 घायल पहुंचे जीटीबी अस्पताल, 25 बच्चे...

दिल्ली: दीपावली पर पटाखों से 172 घायल पहुंचे जीटीबी अस्पताल, 25 बच्चे और 56 महिलाएं शामिल

0
2

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार की सुबह से लेकर सोमवार की सुबह तक पटाखों/जलने/दीपावली से जुड़ी चोटों के कुल 172 मरीज अस्पताल आए। इन 172 मरीजों में से 25 बच्चे और 56 महिलाएं थीं।

जीटीबी अस्पताल ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया कि अस्पताल आए मरीजों में से आंखों की चोट वाले 25 मरीजों को नेत्र विभाग में देखा गया। इलाज के बाद इन सभी को घर भेज दिया गया। बाकी घायल मरीजों को मुख्य रूप से त्वचा जलने की समस्या थी। हालांकि, इस वर्ष दीपावली पर पटाखों या जलने की घटनाओं के कारण किसी की मौत का कोई मामला सामने नहीं आया।

अस्पताल के एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी (ए एंड ई) विभाग में रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक कुल 847 मामले आए, जिनमें से 119 मामले कानूनी प्रक्रिया से जुड़े थे। इन 847 मामलों में से 38 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी, इनमें दीपावली से जुड़े और सामान्य इमरजेंसी दोनों तरह के मामले शामिल थे।

अस्पताल की जलने और प्लास्टिक सर्जरी और नेत्र विज्ञान (ऑप्थल्मोलॉजी) की विशेष टीमों ने त्योहार के दौरान इमरजेंसी के बढ़ते मामलों खासकर पटाखों से जुड़ी घटनाओं को संभालने के लिए पूरी सतर्कता बरती। दीपावली के लिए एक विशेष रोस्टर तैयार किया गया था, ताकि सभी संबंधित विभागों के डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।

जलने, प्लास्टिक सर्जरी और नेत्र विभागों के डॉक्टरों/विशेषज्ञों को तैनात किया गया था, ताकि वे जलने या अन्य चोटों वाले मरीजों का इलाज कर सकें और जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी ओटी (ऑपरेशन थिएटर) की सुविधा भी उपलब्ध करा सकें।

दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) स्थित जीटीबीएच एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी सेंटर में 25 अतिरिक्त बिस्तर आरक्षित रखे गए थे। ये बिस्तर जीटीबीएट मुख्य अस्पताल के ‘बर्न्स एंड प्लास्टिक’ विभाग और आंख, ईएनटी, सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और मेडिसिन आदि इमरजेंसी विभागों के 30 नियमित बिस्तरों के अलावा अतिरिक्त थे।

मरीजों की उचित देखभाल के लिए इमरजेंसी/अस्पताल में आपातकालीन दवाओं और जरूरी सामान का पर्याप्त स्टॉक रखा गया था। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति या आपदा से निपटने के लिए अस्पताल पूरी तरह तैयार था और उसने अपना आपदा प्रबंधन योजना भी बना रखा था।