लंदन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी और कई बार के वर्ल्ड चैंपियन, मैग्नस कार्लसन इस साल के ‘लंदन चेस क्लासिक’ (एलसीसी) के ‘सुपर रैपिड’ टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह टूर्नामेंट 5 और 6 दिसंबर 2026 को नोवोटेल लंदन वेस्ट में खेला जाएगा।
क्लासिकल शतरंज में पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन कार्लसन, रिकॉर्ड चार बार ‘एलसीसी मास्टर्स’ का खिताब जीत चुके हैं। वह क्रिसमस के बाद इस्तांबुल में अपने ‘वर्ल्ड रैपिड’ और ‘ब्लिट्ज’ खिताबों के बचाव की तैयारी के सिलसिले में लंदन में खेलेंगे।
कार्लसन का सामना कई दिग्गज खिलाड़ियों से होगा, जिनमें फ्रांस के स्टार मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव, नीदरलैंड के नंबर 1 खिलाड़ी अनीश गिरी और भारत के निहाल सरीन शामिल हैं। इनके अलावा, ‘एलसीसी मास्टर्स’ के नौ ग्रैंडमास्टर (जिनमें दुनिया के नंबर 5 खिलाड़ी नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव भी शामिल हैं), ‘एलसीसी चैलेंजर्स’ के खिलाड़ी और ‘एलसीसी स्विस’ के कई टॉप सीडेड खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा लेंगे। साथ ही, इंग्लैंड की शतरंज सनसनी बोधना शिवानंदन भी खेलेंगी, जो हाल ही में इस खेल के इतिहास में सबसे कम उम्र की महिला ग्रैंडमास्टर बनी हैं।
‘सुपर रैपिड’ एक ओपन टूर्नामेंट है, जिसका मतलब है कि इसमें कोई भी हिस्सा ले सकता है और मैग्नस कार्लसन के खिलाफ खेलने का मौका पा सकता है।
‘सुपर रैपिड’ इस साल के ‘एक्सटीएक्स मार्केट्स लंदन चेस क्लासिक’ का आखिरी प्रतिस्पर्धी इवेंट होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत ‘टावर ऑफ लंदन’ में एक ओपनिंग सेरेमनी और लॉटरी (ड्रॉइंग ऑफ लॉट्स) के साथ होगी। इसके बाद, ज्यादातर मैच हैमरस्मिथ स्थित ‘नोवोटेल लंदन वेस्ट’ में ‘एलसीसी फेस्टिवल’ के साथ-साथ खेले जाएंगे। लंदन चेस क्लासिक में कई टूर्नामेंट शामिल हैं, जिनमें पार्ट-टाइम खिलाड़ियों के लिए रेगुलर और वीकेंड इवेंट्स होते हैं।
एलसीसी मास्टर्स एक खास ‘इनविटेशन-ओनली’ (केवल आमंत्रण द्वारा) टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया के दस शीर्ष ग्रैंडमास्टर हिस्सा लेते हैं। इनमें मौजूदा चैंपियन नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, अमेरिकी ग्रैंडमास्टर लेवोन अरोनियन और भारतीय स्पीड चेस विशेषज्ञ निहाल सरीन शामिल हैं।
एलसीसी चैलेंजर्स भी एक ‘इनविटेशन-ओनली’ टूर्नामेंट है, जो उभरते हुए बेहतरीन खिलाड़ियों को अगले साल के एलसीसी मास्टर्स के लिए क्वालीफाई करने का मौका देता है। एलसीसी स्विस 9 राउंड का एक क्लासिकल टूर्नामेंट है, जो उन खिलाड़ियों के लिए उपयुक्त है जो आईएम और जीएम नॉर्म्स हासिल करना चाहते हैं।
