उज्जैन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में ग्राम पंचायत के साथ बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के नवाचार किया जा रहे हैं। उज्जैन के ढेंडिया गांव में जहां महिलाएं वस्त्र उद्योग से आत्मनिर्भर बन रही हैं, वहीं पंचायत के लिए मैरिज गार्डन बना है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) में हमारी सरकार ग्रामीण पट्टाधारकों के मकानों एवं प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री कर उन्हें वास्तविक भूस्वामी बना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहनों को भी आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत की बहनें अब आत्मनिर्भर बन गई है। वे पास में ही खुले वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके 12 से 15 हजार रुपए महीने कमा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि गांव की ग्रामीण महिलाएं और ग्राम पंचायतें भी आत्मनिर्भर बनें।
ग्राम पंचायत ढेंडिया ने प्रदेश में एक अनूठा काम करते हुए मैरिज गार्डन बनाया है। यह लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में फैला है और सर्व सुविधायुक्त है। इससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी और आमजन को किफायती दर पर मैरिज गार्डन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री यादव ने उज्जैन जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के तहत ऑनलाइन ग्रामीणों की रजिस्ट्री का निष्पादन किया। उज्जैन जिले में अब तक 74 हजार 791 पात्र हितग्राहियों के मकानों एवं प्लॉट की रजिस्ट्री कार्य का निष्पादन हो चुका है। संख्या के हिसाब से उज्जैन जिला योजना में पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
सीएम ने कहा कि पहले केवल शहर वालों के पास ही रजिस्ट्री हुआ करती थी, गांव में मकान की कोई कीमत नहीं होती थी। हमारी सरकार ने अपनी ओर से 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखकर गांव के पट्टेदारों एवं मकान मालिकों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की योजना चलाई है। अब गांव के मकान और प्लॉट की भी कीमत होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत प्रदेश में 50 से 70 लाख पात्र ग्रामीण पट्टेधारियों की सम्पत्ति की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी। ग्राम ढेंडिया उज्जैन शहर के बिल्कुल पास में है। यहां के लोग अपने घर में 8 अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे चला सकते है। इस तरह के होमस्टे निर्माण के लिए सरकार 2 लाख रुपए तक की मदद दे रही है तथा इसमें बिजली का बिल भी घरेलू उपयोग दर से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री यादव ने ग्राम ढेंडिया में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्व सुविधायुक्त पंचायत भवन का लोकार्पण किया। पंचायत भवन में सरपंच, सचिव, पटवारी कक्ष के अलावा एक सर्वसुविधायुक्त मीटिंग हॉल बनाया गया है। इसी के साथ प्रदेश में पहली बार किसी ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत का 5 बीघा क्षेत्र में शानदार मैरिज गार्डन बनाया गया है।
यह ग्राम पंचायत ढेंडिया के स्वामित्व में बना प्रदेश का ऐसा पहला मैरिज गार्डन है, जिसमें 26 सर्व सुविधायुक्त कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम तथा 3,600 वर्ग फीट का बड़ा किचन शेड बनाया गया है। गार्डन सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल एवं भव्य स्टेज की व्यवस्था की गई है।
