नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत की। इस दौरान यूक्रेन संघर्ष को लेकर दोनों पक्षों ने मौजूदा स्थिति और जारी राजनयिक प्रयासों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ”सोमवार शाम मेरी रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत हुई। हमारी चर्चा मुख्य रूप से यूक्रेन संघर्ष और इसे लेकर चल रही कूटनीतिक पहलों पर केंद्रित रही।”
इससे पहले सोमवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने रूस के साथ जारी यूक्रेन के संघर्ष में शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास में भारत की ओर से हरसंभव मदद की बात दोहराई।
इस बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही निकलना चाहिए। भारत शांतिपूर्ण समाधान के हर प्रयास में सहयोग के लिए तैयार है। वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपना पक्ष और आकलन साझा किया। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी।”
जेलेंस्की ने बताया कि अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रिय रूप से तैयारी की जा रही है। यूक्रेन हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक रुख अपनाता रहा है और अब रूस को भी तनाव कम करने और समाधान की दिशा में वैसी ही गंभीरता दिखानी चाहिए।
उन्होंने लिखा, ”प्रधानमंत्री मोदी कई बार यह बात कह चुके हैं। यहां तक कि सीधे रूसी नेतृत्व से भी कि अब समय युद्ध को खत्म करने का है, उसे जारी रखने का नहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत हमेशा लोगों के हितों और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने वाला दृष्टिकोण अपनाता रहा है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भारत शांति स्थापित करने के उद्देश्य से होने वाली कोशिशों में योगदान देने के लिए तैयार है। दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में आपसी साझेदारी बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों के हित में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। बातचीत में भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा हुई।
