हैदराबाद, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता दिनेश ने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि तेलंगाना पर ऐसा अज्ञानी मुख्यमंत्री शासन कर रहा है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बीआरएस प्रवक्ता दिनेश ने तेलंगाना पर कर्ज से जुड़े दावों को लेकर कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री को राज्य सरकार के कामकाज, या राज्य की देनदारियों और संपत्तियों के बारे में बहुत कम जानकारी है, या यूं कहें कि उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं है।”
प्रवक्ता ने कहा, “रेवंत रेड्डी ने फिर से अपना वही पुराना झूठ दोहराया कि केसीआर सरकार ने अपने कार्यकाल में तेलंगाना पर 8 लाख करोड़ रुपए का कर्ज बढ़ा। इसके लिए वे हर साल 80,000 करोड़ रुपए का ब्याज चुका रहे हैं। लेकिन, जून में संसद में केंद्र सरकार के जवाब से यह साफ हो गया कि तेलंगाना पर अभी कुल 4.49 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। इसमें से दिसंबर 2023 में, जब बीआरएस सरकार सत्ता से हटी थी, तब कर्ज 3,89,000 करोड़ रुपए था। इसमें से 75,000 करोड़ रुपए का कर्ज तेलंगाना को अविभाजित आंध्र प्रदेश से उसके हिस्से के रूप में मिला था। इसलिए, असल कर्ज लगभग 3.2 लाख करोड़ रुपए के आसपास है।”
उन्होंने आगे कहा, “कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना राज्य हर साल केवल 22,000 करोड़ रुपए का ब्याज चुका रहा है। हमें समझ नहीं आ रहा कि रेवंत रेड्डी को 80,000 करोड़ रुपए के ब्याज का आंकड़ा कहां से मिल गया? इसीलिए हम कहते हैं कि रेवंत रेड्डी को तेलंगाना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। कभी वे कहते हैं कि ‘भक्त रामदासु बांध’ तेलंगाना में है। कभी कहते हैं कि तेलंगाना तीन तरफ से समुद्र से घिरा है। कभी कहते हैं कि तेलंगाना भारत का इकलौता राज्य है जहां समुद्र तट नहीं है। और कभी कहते हैं कि भारत ने ओलंपिक में कोई स्वर्ण पदक नहीं जीता है। यह बड़े दुख की बात है कि तेलंगाना पर ऐसा अज्ञानी मुख्यमंत्री शासन कर रहा है।”
के. कविता पर टिप्पणी को लेकर बीआरएस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की आलोचना की। प्रवक्ता दिनेश ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने एक बार फिर अपनी खराब भाषा, गलत विषयों के चुनाव और अपनी गिरी हुई सोच का परिचय दिया है। वे तेलंगाना की कुछ घटनाओं का जिक्र कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने कहा कि केसीआर के परिवार में आपसी मतभेद के कारण उन्होंने कविता को बाहर निकाल दिया है।
बीआरएस प्रवक्ता ने कहा, “हर परिवार में मतभेद होते हैं, और समय के साथ वे सुलझ भी जाते हैं। लेकिन अगर रेवंत रेड्डी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं और ऐसे शब्दों का चुनाव करते हैं, तो हम भी उनसे पूछना चाहेंगे, संजय गांधी की विधवा को इंदिरा गांधी के घर से क्यों निकाल दिया गया था? उन्हें कांग्रेस से दूर क्यों कर दिया गया? और अगर बात रेवंत रेड्डी के परिवार की ही करें, तो उनके भाई की बेटी की शादी में रेवंत रेड्डी की पत्नी और बेटी क्यों शामिल नहीं हुईं?”
प्रवक्ता दिनेश ने कहा, “रेवंत रेड्डी, हम भी ऐसी बातें उठा सकते हैं। आपके और आपके परिवार के कई राज़ दबे पड़े हैं। लेकिन हम आपके स्तर तक नहीं गिरेंगे, क्योंकि हमारा पूरा ध्यान तेलंगाना के मुद्दों पर होगा। हम राज्य सरकार के कुप्रबंधन और आपके की ओर से किए जा रहे घोटालों के लिए आपको ही जिम्मेदार ठहराएंगे।”
बसारा आईआईआईटी में भोजन और पानी का संकट पर उन्होंने रेवंत रेड्डी सरकार पर प्रश्न खड़े किए। प्रवक्ता दिनेश ने कहा, “बसारा आईआईआईटी में एक ऐसी घटना सामने आई है, जहां छात्रों को दिए जा रहे भोजन और पानी की गुणवत्ता बेहद खराब है। हम रेवंत रेड्डी और उनकी सरकार से पूछना चाहते हैं कि कम आय वाले परिवारों के लोगों के प्रति इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है? क्या इसलिए कि वे आपके किसी कमीशन या अन्य लेन-देन में योगदान नहीं देते? गुरुकुलों में पहले भी फूड पॉइजनिंग के कई मामले सामने आ चुके हैं और अब यही स्थिति बसारा आईआईआईटी में भी देखने को मिल रही है।”
उन्होंने कहा, “तेलंगाना में हालात इतने खराब हैं कि पानी की कमी के कारण स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों के लिए छुट्टियां घोषित करनी पड़ रही हैं। यह कांग्रेस सरकार की विफलता है। मानसून के दौरान कालेश्वरम परियोजना में पर्याप्त पानी उपलब्ध था, लेकिन सरकार पंप चलाकर उस पानी को ऊपर तक पहुंचाने में नाकाम रही। आज छात्रों को बेहद खराब गुणवत्ता वाला भोजन और पानी दिया जा रहा है, जिससे वे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, और रेवंत रेड्डी सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। और राहुल गांधी कहां हैं, जो पूरे देश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रहे हैं? मेरी मांग है कि राहुल गांधी निर्मल बसारा आईआईआईटी आएं और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छात्र जिन मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, उस पर उनसे बात करें।”
