नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में 15 लाख से अधिक पात्र राशन कार्डधारक परिवारों को एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाया है।
मुख्यमंत्री ने एक बटन दबाकर ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (डीबीटी) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे यह सहायता राशि भेजी। लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे गए।
वहीं, लाभार्थियों ने पीएम मोदी और सीएम रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार इसी प्रकार से जनता के हितों के लिए काम करती रहे।
अशोक विहार की जेजे कॉलोनी निवासी लाभार्थी महिला अंजू ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि मैं इस बात से बहुत खुश हूं और हमें यहां बुलाकर सम्मानित करने के लिए सीएम रेखा गुप्ता का धन्यवाद करती हूं। हमारी भलाई के लिए सोचा गया है। यह बड़ी बात है। सीएम रेखा गुप्ता ने हमसे जो वादा किया था, वह समय के भीतर पूरा किया गया है।
दूसरी लाभार्थी प्रेम लता ने बताया कि सीएम रेखा गुप्ता ने दीपावली के अवसर पर अच्छा तोहफा दिया है। जिन महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है, वे बहुत खुश हैं। होली और दीपावली के अवसर पर एलपीजी सिलेंडर मिलने से काफी राहत मिलेगी। महिला ने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता गरीब जनता के लिए लाभकारी योजनाएं लाएं और इसी प्रकार से काम करती रहें।
मंडावली की रहने वाली आरती देवी ने कहा कि आर्थिक सहायता के लिए पीएम मोदी और सीएम रेखा गुप्ता का दिल से धन्यवाद व्यक्त करती हूं। सीएम ने जनता से जो वादा किया, उसे पूरा किया है।
इस कार्यक्रम के बाद दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि आज बहुत पवित्र दिन है। गोवर्धन पूजा का उत्सव मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में कहा था कि हम अपनी बहन-बेटियों के लिए होली और दीपावली के अवसर पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की व्यवस्था करेंगे।
सिरसा ने कहा कि उसी कड़ी में जहां हमने होली पर सिलेंडर दिए थे, वहीं मंगलवार को सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में मुफ्त सिलेंडर के लिए 142 करोड़ की राशि भेजने का काम किया है। ऐसे 15 लाख से ज्यादा लोग, इसके लाभार्थी हैं, जिनके खातों में पैसा पहुंचा है। मैं लाभार्थियों को बधाई देता हूं और धन्यवाद करता हूं कि आपने हमें एक बार मौका दिया।
उन्होंने कहा कि लगभग 27 साल बाद ऐसी सरकार दिल्ली में आई है, जो इमानदारी से काम करने के साथ ही जनता की सेवा कर रही है। आज उसी सरकार ने जनकल्याण के लिए 142 करोड़ की बड़ी राशि को दिल्ली की जनता के बैंक खातों में ट्रांसफर करने का काम किया है, ताकि उनको मुफ्त सिलेंडर मिल सके।
