SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: पटना में वाटर मेट्रो का शुभारंभ, गंगा में 50 रुपए में...

बिहार: पटना में वाटर मेट्रो का शुभारंभ, गंगा में 50 रुपए में कर सकेंगे सफर, अशोक राजपथ के जाम से मिलेगी राहत

0
3

पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी के रास्ते जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में मंगलवार को एक नई पहल की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों और पटना आने वाले पर्यटकों को गंगा में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही, अशोक राजपथ पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत पाने के लिए जल परिवहन एक सुविधाजनक विकल्प बनेगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि वाटर मेट्रो का शुभारंभ गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन तथा जल परिवहन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पर्यटन विभाग की इस पहल से पर्यटकों को आधुनिक और सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध होगी। इससे राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों के अनुसार, कैटामरान वेसल में एक साथ 50 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके परिचालन से जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण नहीं होगा। जलयान में यात्रियों की सुविधा के लिए उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय और व्हीलचेयर सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। फिलहाल इसका परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से गांधी घाट तक होगा। गांधी घाट पहुंचने के बाद यह जलयान वापस दीघा के लिए रवाना होगा और शाम को मीनार घाट पहुंचेगा।

भविष्य में इसके परिचालन का विस्तार कंगन घाट तक किया जाएगा। वाटर मेट्रो में यात्रा के लिए प्रति वयस्क 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित किराये का आधा भुगतान करना होगा। फिलहाल यात्री दीघा घाट स्थित काउंटर से टिकट ले सकेंगे। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी। यह कैटामरान वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है। इसकी बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर तथा शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है।

इससे जलयान के नियमित और सुविधाजनक परिचालन में मदद मिलेगी। शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संजीव चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।