SGSU Advertisement
Home खेल रॉबिन उथप्पा: आक्रामक बल्लेबाजी से बनाई पहचान, टी20 वर्ल्ड कप और आईपीएल...

रॉबिन उथप्पा: आक्रामक बल्लेबाजी से बनाई पहचान, टी20 वर्ल्ड कप और आईपीएल में रहे चैंपियन

0
1

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बनाई। 11 नवंबर 1985 को कर्नाटक में जन्मे रॉबिन वेणु उथप्पा ने साल 2005 में चैलेंजर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। जहीर खान, मुरली कार्तिक और आरपी सिंह जैसे गेंदबाजों के सामने उन्होंने 66 रन बनाए। इसके बाद इंडिया-बी की तरफ से 93 गेंदों में शतक जड़कर अपनी प्रतिभा साबित की।

साल 2006 में उथप्पा को इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर में वनडे डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में 86 रन की शानदार पारी खेली। साल 2007 में वह महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बने। हालांकि, इसके बाद उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा और साल 2008 में खराब औसत के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।

उथप्पा ने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट तथा आईपीएल में शानदार वापसी की। उन्होंने साल 2009 और 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद पुणे वॉरियर्स इंडिया की तरफ से भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। साल 2013-14 में कर्नाटक को रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप और विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में उनका अहम योगदान रहा।

आईपीएल 2014 उथप्पा के करियर का सबसे यादगार सीजन बना। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 660 रन बनाए और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय वनडे टीम में वापसी का मौका मिला।

साल 2014 में बांग्लादेश दौरे के लिए एक बार फिर भारतीय वनडे टीम में उन्हें जगह मिली और उन्होंने अर्धशतक जमाया, लेकिन अगले 7 मुकाबलों में उथप्पा प्रभावित नहीं कर सके। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके। आखिरकार, साल 2015 में उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया। हालांकि, आईपीएल में साल 2019 तक उथप्पा केकेआर के लिए एक ताकत बने रहे, जिसके बाद अगले तीन साल राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला।

उथप्पा ने भारत के लिए 46 वनडे में 934 और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 249 रन बनाए। वहीं, आईपीएल के 205 मुकाबलों में उनके नाम 4,952 रन दर्ज हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9,446 रन बनाने वाले उथप्पा ने घरेलू क्रिकेट में भी अपनी शानदार छाप छोड़ी। उनका करियर संघर्ष, मेहनत और वापसी की प्रेरणादायक कहानी है।