बीकानेर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के बीकानेर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार बच्चों की डिग्गी (जलाशय) में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा 4 एडब्ल्यूएम क्षेत्र में हुआ। यहां एक डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय मुकेश, 18 वर्षीय निर्मल, मनोज और 14 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश और कालूराम सगे भाई हैं तथा मृतक बच्चे उनके परिवार से संबंधित थे। इनमें रमेश के तीन और कालूराम का एक बच्चा शामिल है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डिग्गी में एक बच्चे के डूबने पर अन्य उसे बचाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में चारों की जान चली गई। एक ही परिवार के चार बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा ने बताया, “छतरगढ़ थाना क्षेत्र से लगभग दो किमी की दूरी पर सोना राम मेघवाल का एक खेत है, जिसे रमेश नायक ने लीज (पट्टे) पर लिया हुआ है। बुधवार सुबह रमेश की लगभग 14 साल की बेटी पूजा नायक पानी निकालते समय फिसलकर जलाशय में गिर गई। उसे बचाने के लिए उसके दो सगे भाई, मुकेश और मनोज, भी जलाशय में कूद गए। उनके साथ कालूराम का बेटा निर्मल भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, वे उसे बचा नहीं सके। पुलिस 20 से 25 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। तब तक उनमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि बाकी तीनों को बहुत कमजोर नब्ज के साथ अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।”
