SGSU Advertisement
Home राज्य ‘’मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना’’ के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में...

‘’मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना’’ के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 1562 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण का लाभ

0
4

भोपाल : 11 नवम्बर/ मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना” के तहत पंजीयन कराकर मध्‍यप्रदेश के 1562 युवाओं को ऑन द जॉब ट्रैनिंग के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान कराएगी। इसके लिए कंपनी द्वारा अलग-अलग 13 ट्रेडों में युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के उदृदेश्‍य से विभिन्‍न विषयों के इच्‍छुक युवाओं से MMSKY पोर्टल के माध्‍यम से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। कंपनी ने बताया है कि ‘’मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना’’ के तहत आवेदन करने के लिए इच्‍छुक अभ्‍यर्थी प्रशिक्षण से संबंधित अर्हताओें, रिक्‍त स्‍थानों के विवरण तथा अन्‍य आवश्‍यक जानकारी MMSKY पोर्टल पर देख सकते हैं।

गौरतलब है कि “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना” के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन पास बेरोजगार युवाओं को इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, लाइनमैन, स्टेनोग्राफर (हिंदी/अंग्रेजी),इंजीनियरिंग (सिविल/ इलेक्ट्रिकल),एग्जीक्यूटिव (एचआर/ आकाउंट/विधि.), मीडिया समन्वयक आदि पदों पर 1562 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा।

इस योजना के अंतर्गत आवेदन करते समय अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता, संबंधित ट्रेड में पात्रता एवं रुचि के अनुसार प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध विभाग एवं जॉब लोकेशन का चयन करें। यह योजना नियमित शासकीय नौकरी प्रदान करने की योजना नहीं है, बल्कि बेरोजगार युवाओं को कार्य के साथ सीखने का अवसर प्रदान करने हेतु एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत अभ्यर्थियों को निर्धारित स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध ट्रेड एवं वांछित जॉब लोकेशन में उपलब्ध पदों का अवलोकन करें, ताकि वे अपनी योग्यता के अनुरूप विकल्प चुनते हुए वांछित जॉब लोकेशन पर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर प्राप्त कर सकें।

मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा है कि “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना” के तहत व्यापक स्तर पर औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को कंपनी में छात्र प्रशिक्षणार्थी के रूप में ऑन द जॉब ट्रैनिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे एक ओर जहां युवाओं को औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण मिलेगा वहीं दूसरी ओर उन्हें काम के बदले मिलने वाले स्टाइपेंड से बेहतर आय का स्रोत मिलेगा।