SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय सीओपी31 में गूंजी युवाओं की आवाज, जलवायु परिवर्तन पर खुलकर रखी राय

सीओपी31 में गूंजी युवाओं की आवाज, जलवायु परिवर्तन पर खुलकर रखी राय

0
1

अंताल्या (तुर्की), 12 नवंबर (आईएएनएस)। सीओपी 31 में युवा ब्रिगेड ने जलवायु संकट को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इन युवाओं के लिए, जलवायु संकट कोई भविष्य की चिंता या आने वाली पीढ़ियों की समस्या नहीं है। उनके लिए ये अभी से उनके जीवन को आकार दे रहा है, उनके घरों और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए खतरा बन रहा है, और यह तय कर रहा है कि उन्हें कैसी दुनिया विरासत में मिलेगी।

युवा दल ने मुखर होकर अपनी फिक्र और सुझाव सीओपी31 में साझा किए। इसका आयोजन तुर्की के अंताल्या में किया गया था।

लगातार पांचवें वर्ष, चिल्ड्रन एंड यूथ पवेलियन ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया। यह आधिकारिक संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) के तहत संगठित युवाओं के पूर्ण नेतृत्व वाला एकमात्र स्थान है। यह सिर्फ एक मिलने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच बन गया है, जहां युवा सीधे नीति निर्माताओं से जुड़ सकते हैं, विचारों का आदान-प्रदान कर सकते हैं और जलवायु संकट पर सार्थक कार्रवाई के लिए दबाव बना सकते हैं।

इस दीर्घा के उद्घाटन समारोह में वैश्विक जलवायु और युवा आंदोलनों की प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। इनमें सीओपी31 और सीओपी30 ‘प्रेसीडेंसी यूथ क्लाइमेट चैंपियंस’ सैली हिगिंस और मार्सेल ओलिवेरा भी मौजूद थीं।

इस कार्यक्रम में यूनिसेफ चिल्ड्रन्स इन्वेस्टमेंट फंड फाउंडेशन (सीआईएफएफ) और ब्रिटिश काउंसिल जैसे संस्थागत साझेदारों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की आवाजों ने इस समय की गंभीरता को सबसे प्रभावी ढंग से सामने रखा।

उनके संदेशों ने याद दिलाया कि जलवायु संबंधी फैसलों को उन समुदायों के वास्तविक अनुभवों से अलग नहीं किया जा सकता, जो पहले से ही पर्यावरणीय बदलावों का दंश झेल रहे हैं। वहां मौजूद लोगों में समोआ की पर्यावरण कार्यकर्ता ब्रियाना फ्रूएन भी थीं, जो समुद्र और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर काम करती हैं और ‘प्रेसीडेंसी यूथ क्लाइमेट चैंपियन टीम’ में पैसिफिक सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

फ्रूएन के अनुसार, वैश्विक जलवायु वार्ताओं के केंद्र में युवाओं के लिए एक समर्पित जगह होना केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “इस तरह का पैवेलियन होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जलवायु वार्ताओं में युवाओं का शामिल होना जरूरी है, क्योंकि अंततः आज किए गए वादों को कल की ठोस कार्रवाई में बदलने की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। उन्होंने सवाल किया, “अगर सीओपी (कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज) जैसे मंचों पर युवाओं की भागीदारी नहीं होगी, तो हमारे आंदोलन की निरंतरता कैसे बनी रहेगी? क्योंकि आज इस सम्मेलन में जो फैसले लिए जाएंगे, उन्हें ही कल के युवाओं को लागू करना होगा। ऐसे में, जो लोग इन योजनाओं को लागू करेंगे, उनके बिना आप योजनाएं कैसे बना सकते हैं?”

उनकी ये बातें युवा जलवायु आंदोलन के मुख्य तर्क को दर्शाती हैं: युवाओं से केवल उनके भविष्य के बारे में सलाह ही नहीं ली जानी चाहिए, बल्कि उस भविष्य को आकार देने में उनकी एक सार्थक भूमिका भी होनी चाहिए। यह सोच पैवेलियन के कार्यक्रम में झलकती है, जिसमें यूएनडीपी, यूनिसेफ, ‘सेव द चिल्ड्रन’, यूएनओपीएस और विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) जैसे संगठनों के साथ-साथ युवाओं के नेतृत्व वाले कई ऐसे समूह शामिल हैं, जो जलवायु कार्रवाई (क्लाइमेट एक्शन) के मोर्चे पर काम कर रहे हैं।

इस पैवेलियन का प्रतिनिधित्व 14 से 31 वर्ष की आयु के 10 युवा प्रवक्ता भी कर रहे हैं। ये युवा अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में अपने विविध अनुभवों और विशेषज्ञता को सामने लाते हैं, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि पूरी कॉन्फ्रेंस के दौरान बच्चों और युवाओं की प्राथमिकताएं प्रमुखता से बनी रहें।

सीओपी27 में पहली बार स्थापित ‘चिल्ड्रन एंड यूथ पैवेलियन’ (बच्चों और युवाओं का पैवेलियन) ने औपचारिक जलवायु प्रक्रिया में अगली पीढ़ी के लिए एक जगह बनाई थी। इससे युवाओं को अपनी सोच दिखाने, विचारों का आदान-प्रदान करने और ‘यूनाइटेड नेशंस फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज’ (यूएनएफसीसीसी) के व्यापक कार्यों में शामिल होने का अवसर मिलता है।

जब प्रतिनिधि अंताल्या में दुनिया के जलवायु भविष्य को लेकर बातचीत कर रहे हैं, तो यह पैवेलियन एक सीधा-सा संदेश देता है: युवा केवल जलवायु संबंधी फैसलों को पाने वाले (या उनके उत्तराधिकारी) ही नहीं हैं, बल्कि इन फैसलों को तय करने में भी उनकी अहम भूमिका है।