SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय केईएम अस्पताल की लिफ्ट बंद होने के मामले में बीएमसी सख्त, 10...

केईएम अस्पताल की लिफ्ट बंद होने के मामले में बीएमसी सख्त, 10 दिन में जांच रिपोर्ट का आदेश

0
2

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के केईएम अस्पताल की ऑर्थोपेडिक्स बिल्डिंग की लिफ्ट बंद होने के मामले में बीएमसी ने सख्त रुख अपनाया है। बीएमसी ने 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। भविष्य के लिए एसओपी बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स सेंटर की लिफ्ट बंद होने को लेकर मीडिया में खबरें सामने आने के बाद बीएमसी प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त ने इस पूरे मामले की जांच के लिए उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। समिति को 10 दिनों के भीतर विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार करने का भी आदेश दिया गया है।

बीएमसी के मुताबिक, ऑर्थोपेडिक्स सेंटर में लगी पुरानी लिफ्ट करीब 39 साल पुरानी है। लिफ्ट को बदलने का निर्णय लिया गया था लेकिन इस दौरान मरीजों की सेवाएं जारी रखने, खासकर ऐसे मरीज जो खुद चलने में असमर्थ हैं, उनके सुरक्षित स्थानांतरण की वैकल्पिक व्यवस्था करने में व्यावहारिक दिक्कतों के कारण काम शुरू होने में देरी हुई।

लिफ्ट की बढ़ती उम्र, लगातार हो रही टूट-फूट और संभावित दुर्घटना के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इसे तत्काल बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुरानी लिफ्ट को बदलने और लिफ्ट शाफ्ट की मरम्मत का काम केईएम अस्पताल के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया जा रहा है।

इस दौरान मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख ने एक सर्कुलर जारी किया था। इसके तहत स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जो मरीज अपने पैरों पर चलने में असमर्थ हैं, उन्हें ऑर्थोपेडिक्स सेंटर की इमारत में भर्ती न किया जाए, बल्कि अस्पताल की बहुमंजिला इमारत में भर्ती किया जाए।

मीडिया में सामने आए संबंधित मरीज के मामले में बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि मरीज की सर्जरी मई 2026 में हुई थी। इसके बाद पिछले दो महीनों से वह वॉकर की मदद से चल पा रहे थे। शरीर में लगाए गए इम्प्लांट को निकालने के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 9 नवंबर को उनकी यह सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सर्जरी के बाद मेडिकल नियमों और अस्पताल की निर्धारित प्रक्रिया के तहत मरीज को छुट्टी दी जा सकती थी। हालांकि, परिजनों के अनुरोध पर मानवीय आधार पर उन्हें अस्पताल में ही रखा गया। उन्हें ऑर्थोपेडिक्स सेंटर की इमारत में रखना जारी किए गए सर्कुलर के निर्देशों का उल्लंघन पाया गया।

इस मामले में संबंधित प्रभारी यूनिट प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही मरीज को अस्पताल की बहुमंजिला इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है।

अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त ने पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच समिति गठित की है। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और मरीजों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट एसओपी लागू की जाए।

बीएमसी प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा, सुचारू और बाधारहित स्वास्थ्य सेवाएं, इलाज की निरंतरता और प्रशासनिक जवाबदेही उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिफ्ट की सुविधा जल्द से जल्द बहाल करने के लिए इंजीनियरिंग और प्रशासनिक स्तर पर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।