नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को दीपावली और नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने आईएएनएस की एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए यह बात लिखी।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आपको सैम भाई और अंजना बेन को दीपावली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं। आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना। जय जगन्नाथ।”
बता दें कि न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘कुशल वक्ता’ और ‘मेहनती इंसान’ बताया है। उन्होंने कहा कि भले ही उनके बीच वैचारिक मतभेद हों, लेकिन वो मानते हैं कि ‘उनके गुजराती मित्र’ बहुत सहृदयी हैं।
उन्होंने कहा, “वे मेरे गुजराती मित्र हैं। एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मैं उनसे मिला हूं, मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले थे। व्यक्तिगत तौर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले शख्स हैं। बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती भी हैं। हमारी आपस में अच्छी बनती है।”
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं। एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में, मिस्टर मोदी के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी नहीं है। वे मेरे प्रति बहुत आत्मीय हैं। इस बारे में कोई समस्या नहीं है। मैं इसकी सराहना करता हूं और मेरी तरफ से भी, मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं।”
उन्होंने वैचारिक मतभेद की बात स्वीकार करते हुए कहा, “दुनिया को लेकर उनके विचारों से मुझे दिक्कत हो सकती है। मुझे उनकी विचारधारा से दिक्कत हो सकती है। लेकिन यह एक अलग बात है। यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनके विचारों के खिलाफ है। ये दोनों अलग-अलग चीजें हैं। देखिए, मैं मिस्टर मोदी से असहमत हो सकता हूं और फिर भी उनके साथ बैठकर खाना खा सकता हूं और हंसी-मजाक कर सकता हूं। इसलिए, मुझे कोई दिक्कत नहीं है।”
