SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय किताब के जरिए कांग्रेस कर रही लोगों को भ्रमित : विपुल गोयल

किताब के जरिए कांग्रेस कर रही लोगों को भ्रमित : विपुल गोयल

0
2

चंडीगढ़, 12 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने करनाल को स्वच्छता के क्षेत्र में अवॉर्ड मिलने को जनता, प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि 2027 के सर्वेक्षण में हरियाणा के और शहरों को इस सूची में लाना सरकार का लक्ष्य है। इस दौरान उन्होंने प्रदूषण को सभी की साझा जिम्मेदारी बताते हुए 1984 के मुद्दे पर किताब के जरिए बयानबाजी करने को लेकर कांग्रेस को भी घेरा।

सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा, “केवल करनाल को स्वच्छता का अवॉर्ड मिलना वहां के लोगों के प्रयासों का परिणाम है। चाहे वहां के प्रशासनिक अधिकारी हों, सफाई कर्मचारी हों या करनाल की जनता, सभी ने सहयोग करके सामूहिक प्रयास से यह अवॉर्ड जीतने का काम किया है। मैं उन सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा कि स्वच्छता मिशन, जो 2014 के बाद पीएम मोदी ने शुरू किया, उसके तहत पूरे देश में एक बड़ा परिवर्तन आया है। हरियाणा में भी बड़ा परिवर्तन आया है और सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में प्रयास रहेगा कि जब 2027 का सर्वेक्षण हो, तो हरियाणा के कई शहर इस तरह के अवॉर्ड जीतें। हम इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ और उस पर कार्य भी कर रहे हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि चाहे डोर-टू-डोर कलेक्शन की बात हो, चाहे सैनिटेशन के टेंडरों की बात हो या उनमें आमूलचूल परिवर्तन करके व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात हो अथवा लेगेसी वेस्ट के निस्तारण का विषय हो, इन सभी पर काम चल रहा है। पिछले कुछ समय में हमने काफी सुधार भी किए हैं। आने वाले दिनों में आप लोगों को इसमें और बड़े सुधार देखने को मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदूषण का मामला लगातार चर्चा में है। पंजाब में पराली जलाने का काम तो हो रहा है, लेकिन उसके अलावा एनसीआर में चाहे ट्रैफिक प्रदूषण की बात हो या वायु गुणवत्ता की, सरकार सभी पहलुओं पर काम कर रही है। इसके लिए कई तरह के बदलाव किए गए हैं और निर्माण कार्यों पर भी आवश्यक रोक लगाने का काम किया गया है।

हरियाणा के मंत्री ने कहा, “मैं समझता हूं कि सभी लोगों को अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझकर इसमें सहयोग देना चाहिए, क्योंकि यह किसी पार्टी, किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक एजेंडे का विषय नहीं है। यह हम सभी के जीवन से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए हम सबको इस पर सामूहिक प्रयास करना चाहिए।”

कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 1984 के बाद वे लोग कई वर्षों तक लगातार सत्ता में रहे। राजीव गांधी और अन्य नेताओं ने लंबे समय तक सत्ता का सुख भोगा। तब उन्हें ये सारी बातें याद नहीं आईं। आज, जब उनके राजनीतिक जीवन में कोई स्पष्ट दिशा नहीं दिखाई दे रही है और उनका भविष्य भी अनिश्चित नजर आता है, तब वे देश के लोगों को भ्रमित करने के लिए किताबों के माध्यम से इस तरह की बातें कर रहे हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि इस प्रकार की भावनात्मक बातें करके लोगों को भ्रमित करने का प्रयास नहीं करना चाहिए, क्योंकि लोग अच्छी तरह जानते हैं कि जब आप सत्ता में होते हैं तो एक तरह की बातें करते हैं और जब सत्ता से बाहर होते हैं तो लोगों को भ्रमित करने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाते हैं। मेरे विचार से ऐसी बातों की कोई प्रासंगिकता नहीं है। केवल किताब में लिख देने से कोई बात प्रामाणिक नहीं हो जाती। अगर वास्तव में कोई भावना है, तो जाकर अकाल तख्त पर माथा टेकिए और जिन लोगों के साथ अन्याय हुआ है। उनके बीच जाकर संवाद कीजिए। आज लोग सब कुछ देख रहे हैं और समझ रहे हैं। इसलिए यह सब बेकार की बातें हैं।