नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल किया गया है। उत्तर प्रदेश में दो आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। वहीं, 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार यादव को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल का एडीसी (निजी सहायक) नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, उत्तराखंड शासन ने पीसीएस संवर्ग के 24 अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
उत्तर प्रदेश में जारी तबादला आदेश के तहत अजय कुमार सहानी को डीआईजी रेंज मुरादाबाद बनाया गया है। वहीं, मुनिराज जी को डीआईजी रेंज बरेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार यादव को राज्यपाल का एडीसी नियुक्त किया गया है। उन्हें राज्यपाल के निजी सहायक के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत पीसीएस संवर्ग के 24 अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। आदेश के अनुसार, राजकुमार पांडे और अभय प्रताप सिंह को डिप्टी कलेक्टर देहरादून बनाया गया है। उत्तरकाशी में तैनात बृजेश कुमार तिवारी को टिहरी भेजा गया है, जबकि अजयवीर सिंह को भी डिप्टी कलेक्टर टिहरी की जिम्मेदारी दी गई है।
नैनीताल में डिप्टी कलेक्टर के रूप में शिप्रा जोशी, तुषार सैनी, गौरव पांडे और अमृता शर्मा की तैनाती की गई है। अपर्णा ढोंडियाल को अधिशासी निदेशक डोईवाला चीनी मिल बनाया गया है। वहीं, मनीष बिष्ट को निदेशक प्रशासन एवं मॉनिटरिंग, पंतनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा देवानंद को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी और कृष्णा त्रिपाठी को डिप्टी कलेक्टर चमोली बनाया गया है। नवाजिश खलिक को अल्मोड़ा भेजा गया है। चंद्रशेखर और अबरार अहमद को उत्तरकाशी में तैनाती दी गई है।
तबादला सूची के अनुसार कुमकुम जोशी, शालिनी मौर्य, मंजू राजपूत और नीतू डागर को हरिद्वार भेजा गया है। रेखा कोहली, संजय कुमार और रेखा को उधम सिंह नगर में नई जिम्मेदारी दी गई है। मुकेश चंद्र रमोला को देहरादून लाया गया है, जबकि सुनील कुमार को रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
