SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ट्रंप ने टिम कुक को एनवीडिया का अगला प्रमुख बनाने का किया...

ट्रंप ने टिम कुक को एनवीडिया का अगला प्रमुख बनाने का किया समर्थन

0
3

वॉशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एप्पल के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन टिम कुक को एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग का उत्तराधिकारी बनाने का समर्थन किया। यह बयान ऐसे समय आया है जब एनवीडिया के नेतृत्व परिवर्तन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने शानदार काम किया। अब वह इस्तीफा दे चुके हैं, उनकी जगह लेने के लिए केवल एक ही व्यक्ति है – एप्पल के टिम कुक। एक दिग्गज की जगह दूसरा दिग्गज लेगा।”

राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब एनवीडिया ने घोषणा की कि उसके निदेशक मंडल ने हुआंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है।

हालांकि ट्रंप के पोस्ट में यह नहीं बताया गया कि क्या टिम कुक इस पद में रुचि रखते हैं या उनकी एनवीडिया के साथ इस विषय पर कोई बातचीत हुई है। कंपनी ने कहा है कि वह स्थायी सीईओ की तलाश शुरू कर रही है और इसके लिए आंतरिक तथा बाहरी दोनों तरह के उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।

ट्रंप के पोस्ट में न तो सांसदों द्वारा लगाए गए आरोपों का जिक्र किया गया और न ही अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस का।

एनवीडिया की अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) में दाखिल रिपोर्ट के अनुसार, निदेशक मंडल ने 11 नवंबर को जेनसन हुआंग का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया था।

कंपनी की रिपोर्ट और आधिकारिक घोषणा में हुआंग के इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया गया और न ही उनका कोई बयान शामिल किया गया।

59 वर्षीय कोलेट क्रेस अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी का पद भी संभालती रहेंगी। कंपनी ने लंबे समय से निदेशक रहे हार्वे सी. जोन्स को अपना पहला बोर्ड चेयरमैन भी नियुक्त किया है।

इस नेतृत्व परिवर्तन पर अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की चीन संबंधी विशेष समिति के अध्यक्ष जॉन मूलेनार ने अलग प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एनवीडिया की कॉर्पोरेट नीतियों में बदलाव और नियंत्रण को और सख्त करने की मांग की।

मूलेनार ने कहा कि एनवीडिया और अन्य अमेरिकी एआई कंपनियों की सफलता देश के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन कोई भी अमेरिकी कंपनी चीन को अपने सबसे उन्नत चिप्स तक पहुंच देकर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकती।

वहीं सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चक शूमर ने कहा कि हुआंग के इस्तीफे से कंपनी या प्रशासन पर कांग्रेस का दबाव खत्म नहीं होनी चाहिए। शूमर ने कहा कि कांग्रेस को जेनसन हुआंग और एनवीडिया के अन्य अधिकारियों से यह जवाब मांगना चाहिए कि कहीं उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में तो नहीं डाला।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हुआंग और संभावित चीनी जासूस के साथ संबंधों के बारे में प्रशासन को क्या जानकारी थी और क्या ट्रंप के साथ उनके संबंधों का किसी जांच पर प्रभाव पड़ा।

हालांकि एनवीडिया की घोषणा और एसईसी फाइलिंग में इन आरोपों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। ट्रंप ने भी अपने बयान में इन मामलों पर कोई टिप्पणी नहीं की।