SGSU Advertisement
Home राजनीति आम आदमी पार्टी का दावा- ‘दिल्ली सरकार ने वासुदेव घाट पर बनाई...

आम आदमी पार्टी का दावा- ‘दिल्ली सरकार ने वासुदेव घाट पर बनाई नकली यमुना’, भाजपा ने लगाया अफवाह फैलाने का आरोप

0
2

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पर्व के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर ‘नकली यमुना’ बनाने का आरोप लगाया है। पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ने वासुदेव घाट पर ‘नकली यमुना’ को पानी देने के लिए जमीन के नीचे पीने के पानी की पाइपलाइन लगाई है।

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “नकली यमुना फिर से। इस साल भी भाजपा सरकार ने वासुदेव घाट पर ‘नकली यमुना’ को पानी देने के लिए जमीन के नीचे पीने का पानी की पाइपलाइन लगाई है।”

सौरभ भारद्वाज ने कहा, “पिछले साल भाजपा की दिल्ली सरकार ने यमुना साफ होने का झूठा दावा करने के लिए ‘नकली यमुना’ बनाई थी। जब हमने उन्हें बेनकाब किया, तो यह पूरे देश के लिए शर्म की बात बन गई। इस साल भी सरकार झूठा दावा कर रही थी कि उन्होंने यमुना साफ कर दी है। फिर उन्हें पीने का पानी क्यों चाहिए, वह भी जमीन के नीचे छिपी पाइप से?”

इस वीडियो को शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट किया, “भाजपा सरकार झूठ और दिखावे की राजनीति में इस हद तक उतर आएगी, शायद ही किसी ने सोचा होगा। पिछले साल छठ महापर्व पर यमुना साफ होने का झूठा दावा करने के लिए नकली घाट बनाया गया था। जब भाजपा की पोल खुली तो पूरे देश के सामने शर्मिंदगी उठानी पड़ी। लेकिन इस साल भी सबक लेने के बजाय वासुदेव घाट पर फिर वही खेल दोहराया जा रहा है।”

पार्टी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “इस बार घाट में पानी पहुंचाने के लिए जमीन के नीचे पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है। जब यमुना साफ है, तो फिर जमीन के नीचे पाइपलाइन बिछाने की जरूरत क्यों पड़ी?”

उधर, भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक और वीडियो शेयर किया। साथ ही, पोस्ट में लिखा, “केजरीवाल जी और कितना नीचे गिरोगे? 2 साल के अंदर ही आधे से अधिक यमुना साफ क्या हुई आपिए बौखला कर देखिए क्या अफवाह फैला रहे हैं।”