SGSU Advertisement
Home खेल किसी ने अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाया; हेनरी की गेंदबाजी शानदार...

किसी ने अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाया; हेनरी की गेंदबाजी शानदार थी: श्रेयस अय्यर

0
3

माउंट मौनगानुई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम शुक्रवार को बे ओवल में खेले गए वनडे सीरीज के चौथे मैच को न्यूजीलैंड के हाथों 244 रन से गंवा बैठी। 334 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज 89 रन सिमट गई, जिसके बाद भारत के कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि नई गेंद के साथ मैट हेनरी की सटीक गेंदबाजी ही दोनों टीमों के बीच हार-जीत का मुख्य अंतर रही।

हेनरी ने भारतीय पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। इस तेज गेंदबाज ने अपने मैच में 9.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 27 रन देकर 6 विकेट झटके।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर ने कहा, “हमने देखा कि पहली और दूसरी पारी की पिच में काफी अंतर था, लेकिन हेनरी की तारीफ करनी होगी, उन्होंने पहली ही गेंद से बिल्कुल सही जगह पर गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि उनकी गेंदबाजी शानदार थी।”

न्यूजीलैंड के 333 रन के स्कोर से लग रहा था कि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी है। भारतीय गेंदबाज उन बल्लेबाजों को रोकने में संघर्ष करते दिखे, जो गेंद के उछाल पर शॉट खेल रहे थे। श्रेयस ने बताया कि ड्रेसिंग रूम में टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी, लेकिन गेंद की सीम मूवमेंट के कारण बल्लेबाजों को समझ ही नहीं आ रहा था कि वे कैसे खेलें।

श्रेयस ने कहा, “पहली पारी में हमने लगभग सब कुछ आजमाया, जबकि वे गेंद के उछाल पर लगातार शॉट खेल रहे थे। हमें लगा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी है, क्योंकि उन्होंने 330 रन (333) बनाए थे। हां, कुछ कैच जरूर छूटे, लेकिन खेल में ऐसा होता रहता है।”

“जब हम ड्रेसिंग रूम में थे, तो लगा था कि हम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे, लेकिन जिस तरह से गेंद अंदर और बाहर की तरफ सीम हो रही थी, बल्लेबाज यह तय ही नहीं कर पा रहे थे कि उन्हें कैसे खेलना है। अगर आप आउट होने वाले खिलाड़ियों के विकेटों को देखें, तो किसी ने भी अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाया। वे वाकई बहुत अच्छी गेंदें थीं।”

श्रेयस ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि टीम को इस नतीजे को जल्द से जल्द भूल जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “जाहिर है, इस मैच को भूल जाना और यह विश्लेषण करना जरूरी है कि गेंदबाजी और बल्लेबाजी में क्या गलतियां हुईं, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखना चाहिए कि हमने दो मैच जीते भी हैं। इसलिए, उन जीतों से प्रेरणा लेते हुए हमें एक नई सोच के साथ मैदान पर उतरना होगा।”