ब्रासीलिया, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में सुपीरियर लेबर कोर्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जस्टिस लुइज फिलिप विएरा डी मेलो फिल्हो से मुलाकात की। इस दौरे पर उनके साथ ब्राजील में भारत के राजदूत दिनेश भाटिया भी मौजूद रहे। इसके बाद जस्टिस सूर्यकांत ने ब्राजील की नेशनल काउंसिल ऑफ जस्टिस का भी दौरा किया।
ब्राजील में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया, “अपने आधिकारिक कार्यक्रम के तहत भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने राजदूत दिनेश भाटिया के साथ सुपीरियर लेबर कोर्ट का दौरा किया और जस्टिस लुइज फिलिप विएरा डी मेलो फिल्हो से मुलाकात की। इसके बाद नेशनल काउंसिल ऑफ जस्टिस में काउंसलर रोड्रिगो बदरो ने उन्हें जानकारी दी।”
जस्टिस सूर्यकांत इन दिनों आधिकारिक दौरे पर ब्राजील में हैं। गुरुवार को उन्होंने ब्राजील के सुपीरियर कोर्ट ऑफ जस्टिस के अध्यक्ष जस्टिस लुइस फेलिप सालोमाओ से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने न्यायिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिख, “भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने राजदूत दिनेश भाटिया के साथ सुपीरियर कोर्ट ऑफ जस्टिस (एसटीजे) के अध्यक्ष जस्टिस लुइस फेलिप सालोमाओ से मुलाकात की। इस दौरान भारत और ब्राजील के न्यायिक सिस्टम में समानताओं को देखते हुए दोनों देशों के बीच न्यायिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार साझा किए गए।”
इससे पहले बुधवार को सीजेआई सूर्यकांत ने ब्राजील के फेडरल सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष जस्टिस लुइज एडसन फाचिन से मुलाकात की थी। दोनों के बीच द्विपक्षीय सहयोग और न्यायिक संस्थानों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर बातचीत हुई। इससे पहले ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया पहुंचने पर भारतीय राजदूत दिनेश भाटिया ने उनका स्वागत किया था।
इससे पहले सितंबर में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा से मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों देशों के आपसी संबंधों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र (यूएन), जी20 और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) जैसे मंचों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई थी।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक राजनीतिक हालात और बातचीत व कूटनीति को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स 2026 की भूमिका पर भी विचार साझा किए थे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था, “नई दिल्ली में ब्रिक्स इंडिया 2026 की शुरुआत के मौके पर ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा से मुलाकात करके खुशी हुई। हमने व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, कृषि और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने सहित दोनों देशों के आपसी संबंधों पर चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र, जी20 और आईएमओ जैसे मंचों पर सहयोग भी बातचीत का हिस्सा रहा। इसके अलावा मौजूदा वैश्विक राजनीतिक हालात और बातचीत व कूटनीति को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स 2026 के महत्व पर भी विचार साझा किए।”
