Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल विनेश के संन्यास पर ऋतु फोगाट ने कहा, ‘आपके संघर्ष और चुनौतियों...

विनेश के संन्यास पर ऋतु फोगाट ने कहा, ‘आपके संघर्ष और चुनौतियों को सदियों तक याद रखा जाएगा’

0
107

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने के बाद विनेश फोगाट के संन्यास लेने की चौंकाने वाली खबर से पूरा देश स्तब्ध रह गया। 29 वर्षीय विनेश के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी चचेरी बहन ऋतु फोगाट ने कहा कि विनेश की चुनौतीपूर्ण कुश्ती यात्रा को सदियों तक याद रखा जाएगा।

पेरिस ओलंपिक से डिसक्वालीफाई होने के ठीक एक दिन बाद विनेश ने गुरुवार सुबह अपने संन्यास की घोषणा की। उनके इस फैसले से देश हैरान जरूर है, लेकिन हर कोई उनके फैसले का सम्मान और उनकी हौसला अफजाई कर रहा है।

ऋतु ने एक्स पर शेयर लिखा, “आपका यह संघर्षपूर्ण कुश्ती का सफर और चुनौतियां सदियों तक याद रखी जायेगी !आपका नाम इतिहास में स्वर्ण अक्षर से लिखा जायेगा, आप करोड़ों लड़कियों की प्रेरणा हो, उम्मीद हो, जीत हो। हमें आप पर गर्व है।”

विनेश की चचेरी बहन संगीता फोगाट ने लिखा,” हमने बचपन से देखा है विनेश को हर चीज के लिए लड़ते हुए और हार के बाद दोबारा उठ कर लड़ते हुए! सदियों तक आपके जज्बे और संघर्ष को याद रखा जायेगा। आप सभी लड़कियों की आदर्श हैं। आपका इस तरह कुश्ती को अलविदा कहना पूरे परिवार के साथ पूरे देश के लिए बहुत दुखद है।”

विनेश ने मंगलवार को ओलंपिक के फाइनल में पहुंच कर इतिहास रच दिया था। टोक्यो ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उनकी वापसी की कहानी दिल टूटने के साथ समाप्त हुई। पेरिस ओलंपिक के फाइनल मैच से पहले उनका वजन अधिक पाया गया और उन्हें प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

विनेश का वजन 50 किलोग्राम की सीमा से 100 ग्राम अधिक पाया गया और इस तरह उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के अनुसार उन्हें अंतिम स्थान दिया गया।

29 वर्षीय विनेश ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट में ओलंपिक अयोग्यता के खिलाफ अपील की है और 50 किलोग्राम भार वर्ग में संयुक्त रजत पदक की मांग की है।