Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ईरान ने की अफगानिस्तान में आईएस के घातक हमले की निंदा

ईरान ने की अफगानिस्तान में आईएस के घातक हमले की निंदा

0
72

तेहरान, 14 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान ने मध्य अफगानिस्तान के दयाकुंडी प्रांत में चरमपंथी इस्लामिक स्टेट (आईएस) द्वारा हाल ही में किए गए घातक हमले की कड़ी निंदा की है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, शुक्रवार को जारी बयान में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

बयान के मुताबिक ईरान ने अफगान अधिकारियों द्वारा उठाए गए आतंकवाद विरोधी कदमों के प्रति समर्थन व्यक्त किया और अपराधियों को दंडित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने टोलोन्यूज के हवाले से बताया कि हथियारबंद आतंकवादियों ने गुरुवार को दयाकुंडी में 14 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सभी मृतक स्थानीय निवासी थे। उन पर उस समय हमला किया गया, जब वे तीर्थयात्रियों का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए थे।

अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता मुफ्ती अब्दुल मतीन कानी ने गुरुवार रात को घटना की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने और अधिक जानकारी नहीं दी।

आईएस ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली है। इसमें 15 लोगों की मौत और छह के घायल होने का दावा किया है।