बेटी दिवस : शिल्पा शेट्टी ने अपनी बेटी समीशा से कहा ‘मुझे चुनने के लिए धन्यवाद’

0
58

मुंबई, 22 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय बेटी दिवस हर साल सितंबर के चौथे रविवार को दुनिया भर में माता-पिता और उनकी बेटियों के बीच अद्वितीय और अटूट बंधन का सम्मान करने के लिए मनाया जाता है। इस अवसर पर रविवार को अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपनी बेटी समीशा के प्रति अपने प्यार का इजहार किया और कहा, “मुझे चुनने के लिए धन्यवाद।”

शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी की ड्राइंग का वीडियो शेयर किया है। उनकी बेटी समीशा ने अपनी ड्राइंग में लिखा है, “आई लव यू मॉम” और वीडियो में मनमोहक आवाज में समीशा अपनी मां से उसकी बनाई ड्राइंग देखने के लिए कहती है।

शिल्पा फिर अपनी बेटी से पूछती हैं, “सबसे अच्छी लड़की कौन है?” इस पर समीशा खुद की ओर इशारा करती है।

वीडियो के कैप्शन में शिल्पा ने लिखा, “मेरी बच्ची हैप्पी डॉटर्स डे, मेरी प्यारी समीशा, मुझे चुनने के लिए शुक्रिया।” साथ ही बैकग्राउंड में “यू आर माई सनशाइन” गाना बज रहा है।

बता दें कि शिल्पा ने साल 2009 में राज कुंद्रा से शादी की थी। उन्होंने सबसे पहले 2012 में अपने बेटे वियान को जन्म दिया था और कपल ने 2020 में सरोगेसी के जरिए बेटी को जन्म दिया।

इस महीने की शुरुआत में शिल्पा ने डिनर में साउथ इंडियन खाना खाया था। इसमें साउथ इंडियन स्टाइल में पकी हुईं सब्जियां और दाल शामिल थी और खाना केले के पत्ते पर परोसा गया था।

इस बीच, शिल्पा कन्नड़ फिल्म ‘केडी- द डेविल’ की तैयारी कर रही हैं। इसमें संजय दत्त और जीशु सेनगुप्ता भी हैं। शिल्पा के अलावा, ‘केडी – द डेविल’ में संजय दत्त, नोरा फतेही, रमेश अरविंद, वी रविचंद्रन और ध्रुव सरजा प्रमुख भूमिका में हैं। 1970 के दशक के बेंगलुरु की सच्ची घटनाओं पर आधारित ‘केडी – द डेविल’ को केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत किया गया है।

प्रेम द्वारा निर्देशित यह अखिल भारतीय बहुभाषी फिल्म तमिल, कन्नड़, तेलुगु, मलयालम और हिंदी में रिलीज होगी। 49 वर्षीय अभिनेत्री को आखिरी बार 2023 में सोनल जोशी द्वारा निर्देशित कॉमेडी ड्रामा फिल्म “सुखी” में देखा गया था। इसमें अमित साध, दिलनाज ईरानी, ​​​​कुशा कपिला और पावलीन गुजराल भी हैं।