झारखंड में बनेगी कांग्रेस-झामुमो की सरकार, दर्ज करेंगे बड़ी जीत : केशव महतो कमलेश

0
8

रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोमवार देर रात 21 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें पांच महिलाएं शामिल हैं।

पहली लिस्ट जारी होने को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 21 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी हो गई है, बाकी लिस्ट भी जल्दी जारी कर दी जाएगी। हम गठबंधन में चुनाव लड़ रहे है और बड़ी जीत दर्ज करके प्रदेश में फिर से सरकार बनाएंगे।

बरही और पाकुड़ विधानसभा सीट को लेकर के पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सब कुछ क्लियर है। पाकुड़ विधानसभा सीट आलमगीर आलम के परिवार को ही जाएगी। ज्यादा संभावना है उनके सुपुत्र को मिलेगी। वहीं बरही विधानसभा सीट पर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।

मौजूदा विधायकों में बरही सीट से उमाशंकर अकेला और पाकुड़ सीट से आलमगीर आलम का टिकट फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। आलमगीर आलम मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद हैं।

पार्टी ने मौजूदा विधायकों में जामताड़ा से डॉ. इरफान अंसारी, जरमुंडी से बादल पत्रलेख, पोड़ैयाहाट से प्रदीप यादव, महगामा से दीपिका पांडेय सिंह, लोहरदगा से रामेश्वर उरांव, बड़कागांव से अंबा प्रसाद साहु, बेरमो से कुमार जयमंगल, झरिया से पूर्णिमा नीरज सिंह, जमशेदपुर पश्चिमी से बन्ना गुप्ता, खिजरी से राजेश कच्छप, मांडर से शिल्पी नेहा तिर्की, सिमडेगा से भूषण बाड़ा, कोलेबिरा से नमन विक्सल कोंगाड़ी और मनिका से रामचंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

इनके अलावा जमशेदपुर पूर्वी से डॉ. अजय कुमार, हजारीबाग सदर सीट से मुन्ना सिंह, रामगढ़ से ममता देवी, बाघमारा से जलेश्वर महतो, जगरनाथपुर से सोना राम सिंकू, हटिया से अजय नाथ शाहदेव और मांडू से जयप्रकाश पटेल को प्रत्याशी बनाया है।