अमित शाह ने सुप्रिया सुले को फोन कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी, कई बड़े नेताओं ने भी भेजे बधाई संदेश

0
4

नई दिल्ली/मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को फोन करके जन्मदिन की बधाई दी है। सुप्रिया सुले को जन्मदिन पर देशभर के कई दिग्गज नेताओं ने शुभकामनाएं और बधाई संदेश भेजे हैं, साथ ही स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर व्यक्तिगत रूप से जन्मदिन की बधाई दी।

शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले वर्तमान में बारामती लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। 30 जून 1969 को जन्मी सुप्रिया 2023 से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

सुप्रिया के जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महाराष्ट्र के बारामती लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुप्रिया सुले को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि वो स्वस्थ और दीर्घायु हों।”

एनसीपी-एसपी नेता रोहित पवार ने ‘एक्स’ पर लिखा, “संसद एवं देश विदेश में आम जनता का प्रभावशाली ढंग से प्रतिनिधित्व करने वाली विद्वान संस्काररत्न सुप्रिया को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप इसी प्रकार देश की सेवा करती रहें तथा स्वस्थ एवं दीर्घायु हों, यही मेरी शुभकामना है।”

शरद पवार के पोते युगेंद्र पवार ने भी शुभेच्छा व्यक्त करते हुए कहा, “एनसीपी- शरद चंद्र पवार पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लोकसभा में पार्टी नेता और बारामती लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुप्रिया सुले, आपको अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

एनसीपी लीडर प्रफुल्ल पटेल ने लिखा, “लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और निरंतर सफलता की कामना करता हूं।”

एनसीपी-एसपी की राज्यसभा सांसद फौजिया खान ने सुप्रिया सुले को प्रेरणादायक और दूरदर्शी व्यक्तित्व वाली लीडर बताया। उन्होंने लिखा, “एक नेता का दिल करुणा से भरा होना चाहिए। इसके के साथ ही तेज दिमाग और मजबूत नैतिक मूल्यों का समावेश भी होना चाहिए। आप में ये सभी गुण मौजूद हैं। इसीलिए आपको प्यार और प्रशंसा मिलती है। मैं आने वाले सालों में आपके खुशहाल जीवन की कामना करती हूं। आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”

जयंत पाटिल ने भी सुप्रिया सुले को जन्मदिन की बधाई दी है। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने भी सुप्रिया सुले को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। शिवसेना-यूबीटी लीडर आदित्य ठाकरे ने भी सुप्रिया सुले को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी हैं।