बिना किसी आधार के बयानबाजी करते हैं अनुराग ठाकुर : तारिक अनवर

0
21

नई दिल्ली, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा टीएमसी सांसदों पर संसद परिसर के भीतर ई-सिगरेट पीने के आरोप लगाने के बाद विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि टीएमसी सांसद पहले ही इसका खंडन कर चुके हैं। अनुराग ठाकुर और भाजपा नेताओं की यह आदत है कि वे बिना किसी आधार के बयानबाजी करते रहते हैं।

तारिक अनवर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें नड्डा ने कहा था कि कांग्रेस ने कभी ‘वंदे मातरम’ का सम्मान नहीं किया। अनवर ने इसे मजाकिया और इतिहासहीन टिप्पणी करार देते हुए कहा कि जब पहली बार ‘वंदे मातरम’ का नारा बुलंद हुआ था, तब भारतीय जनता पार्टी के सदस्य कहीं नहीं थे। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज नहीं उठाई थी। आज अचानक ये लोग खुद को बड़े देशभक्त बताने लगते हैं। यह कांग्रेस ही थी, जिसने ‘वंदे मातरम’ को अपनाया और आजादी की लड़ाई में इसे एक प्रेरक नारे की तरह इस्तेमाल किया।

बिहार कांग्रेस में नेतृत्व चुनने को लेकर जारी असमंजस पर भी तारिक अनवर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हमने सुझाव दिया है कि वरिष्ठ विधायक को ही नेता बनाया जाए। मेरा मानना है कि हमारे पदाधिकारी इस पर गंभीरता से विचार करेंगे।”

इसी बीच, गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठिए पर दिए गए हालिया बयान को लेकर कांग्रेस सांसद प्रभा मल्लिकार्जुन ने भी प्रतिक्रिया दी। शाह ने ‘अवैध अप्रवासी’ के मुद्दे पर सरकार की स्थिति स्पष्ट की थी। इस पर प्रभा मल्लिकार्जुन ने कहा, “हम भी इसी बात को उठा रहे हैं। अवैध अप्रवासी से उनका क्या अभिप्राय है? इतने सारे वास्तविक भारतीय वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। हम तो उन भारतीय नागरिकों की बात कर रहे हैं जिन्हें वोट देने का संवैधानिक अधिकार है। कोई नहीं चाहता कि गैर-भारतीय वोट दें, लेकिन असली नागरिकों को ही सूची से बाहर कर दिया गया है।”