मुंबई, 4 जून (आईएएनएस) । महाराष्ट्र भाजपा के विधायक संजय उपाध्याय ने कहा है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून के सामने सभी एक हैं और सभी को कानून के मुताबिक ही सजा होनी चाहिए।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए संजय उपाध्याय ने जज कैश कांड पर कहा, “अपराधी चाहे छोटा हो या बड़ा, वकील, जज, अभिनेता, डाकू या चोर अगर उसने अपराध किया है, तो वह अपराधी ही कहलाएगा। कानून की नजर में सभी समान हैं और ऐसे व्यक्ति पर कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अपराध करने वाला कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।”
दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व जज यशवंत वर्मा के घर आग लगी थी। जांच में पाया गया कि आग में नोट जल गए थे। मॉनसून सत्र में यशवंत वर्मा पर महाभियोग चलाने की तैयारी सरकार कर रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘वन नेशन, वन हसबैंड’ वाले बयान पर उपाध्याय ने कहा, “भगवंत मान नशे में रहने के लिए जाने जाते हैं। जिस व्यक्ति ने अपने निजी जीवन में एक से अधिक शादियां की हों और जिसकी बेटी सार्वजनिक रूप से अपने पिता के बारे में मीडिया में बोलती हो, उसे नैतिकता और चरित्र पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें पहले खुद पर नजर डालनी चाहिए। जब कोई व्यक्ति स्वयं दोषी हो और दूसरों की ओर उंगली उठाता है, तो यह टीम और देश दोनों के लिए नुकसानदायक होता है। भगवंत मान को अपने आचरण पर विचार करना चाहिए, तभी देशहित की बात करें।”
पाकिस्तान के खिलाफ हालिया तनाव में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरेंडर करने के राहुल गांधी के भोपाल में दिए बयान पर भाजपा विधायक ने कहा, ” कांग्रेस ने हमेशा देश के साथ धोखा किया है। देश का बंटवारा, पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण कांग्रेस और नेहरू की नीतियों का परिणाम है। कांग्रेस ने बार-बार हिंदुओं को दबाने का काम किया। दिवंगत नेताओं की आलोचना उचित नहीं, लेकिन राहुल गांधी विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं। उनकी पार्टी ने चीन से समझौता किया और उनके मन में पाकिस्तान के प्रति विशेष लगाव है। ऑपरेशन से मिली पीड़ा के कारण उनकी छटपटाहट साफ दिखती है। यह सब कांग्रेस के असली चरित्र को उजागर करता है।”
दिल्ली की सरकारी स्कूलों के निर्माण में भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को समन भेजा है। इस पर संजय उपाध्याय ने कहा, “आम आदमी पार्टी ने अन्ना हजारे आंदोलन का लाभ उठाकर जनता के साथ विश्वासघात किया। इन्होंने केवल दिखावे की राजनीति की, मीडिया में प्रसिद्धि पाई, बड़ी-बड़ी बातें कीं, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं किया। अब इनका भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है। चुनाव से पहले कई नेता जेल जा चुके हैं, खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल होकर आए। अब जांच से साफ हो रहा है कि दिल्ली की जनता को कैसे ठगा गया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भ्रष्टाचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। हम इसकी शुरुआत का स्वागत करते हैं।”
पहली बार आईपीएल खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को संजय उपाध्याय ने बधाई दी। उन्होंने कहा, “मुंबई इंडियंस जीतती तो आनंद अलग होता लेकिन ठीक है, हर बार एक ही टीम नहीं जीत सकती। आरसीबी की जीत हमें सिखाती है कि हिम्मत और धैर्य से मैदान में डटे रहना चाहिए, एक दिन सफलता जरूर मिलती है। मैं आरसीबी के खिलाड़ियों को बधाई देता हूं।”