नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने बैडमिंटन एशिया अंडर-17 और अंडर-15 चैंपियनशिप 2025 में रविवार को शानदार प्रदर्शन किया। शाइना मणिमुथु (अंडर-15) और दीक्षा सुधाकर (अंडर-17) ने रविवार को अपने-अपने आयु वर्ग में गोल्ड मेडल जीते। भारतीय दल दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदकों के साथ स्वदेश लौटेगा।
अंडर-15 बालिका एकल वर्ग के फाइनल में शाइना ने जापान की चिहारू तोमिता को 21-14, 22-20 से शिकस्त दी। दीक्षा सुधाकर ने अंडर-17 बालिका एकल वर्ग के फाइनल में हमवतन लक्ष्य राजेश को 21-16, 21-9 से हराया।
इसके अलावा, दीक्षा जूनियर एशियन चैंपियनशिप में अंडर-17 खिताब जीतने वाली पहली भारतीय एकल खिलाड़ी भी बनीं।
रविवार को, शाइना अंडर-15 वर्ग का खिताब जीतने वाली चौथी भारतीय बालिका एकल खिलाड़ी बनीं। उन्होंने शुरुआती गेम में तोमिता पर दबदबा बनाया। इसके बाद दूसरे गेम में आखिरी क्षणों में मिली चुनौती को नाकाम करते हुए मुकाबले को 44 मिनट में अपने नाम कर लिया।
इसके बाद, दीक्षा 27 मिनट तक चले फाइनल में दबदबा बनाते हुए अंडर-17 वर्ग का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बालिका एकल खिलाड़ी बनीं।
बालकों के एकल वर्ग में जगशेर सिंह खंगगुरा और जंगजीत सिंह काजला तथा जननिका रमेश की मिश्रित युगल जोड़ी ने शनिवार को सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य पदक जीते थे।
मिश्रित युगल सेमीफाइनल में जंगजीत सिंह काजला और जननिका रमेश की जोड़ी को चीनी ताइपे के आई एन चांग और यो हान वांग से 17-21, 21-18, 21-16 से हार का सामना करना पड़ा। इस बीच, जगशेर सिंह खंगुरा को लड़कों के एकल सेमीफाइनल में चीन के होंग तियान यू से 21-11, 21-16 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने पिछली बार साल 2013 में दो स्वर्ण पदक जीते थे, जब सिरिल वर्मा ने अंडर-15 बालक एकल वर्ग का खिताब जीता था, जबकि चिराग शेट्टी और एमआर अर्जुन ने अंडर-17 बालक युगल वर्ग का खिताब जीता था।
भारत के पदक विजेता :
दीक्षा सुधाकर: अंडर-17 बालिका एकल में स्वर्ण पदक।
शायना मणिमुथु: अंडर-15 बालिका एकल में स्वर्ण पदक।
लक्ष्य राजेश: अंडर-17 बालिका एकल में रजत पदक।
जगशेर सिंह खंगुरा: अंडर-17 बालक एकल में कांस्य पदक।
जंगजीत सिंह काजला और जननिका रमेश: अंडर-17 मिश्रित युगल में कांस्य पदक।













