बिहार चुनाव में विकास की हुई जीत, डबल इंजन की सरकार करेगी काम: वीणा देवी

0
6

पटना, 15 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत पर लोजपा (रामविलास) सांसद वीणा देवी ने जनता का आभार जताया।

लोजपा (रामविलास) सांसद वीणा देवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, यह जीत विकास की जीत है। बिहार में सुरक्षा को विकास को देखते हुए जनता ने एनडीए सरकार का चुनाव किया है। चुनाव में एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं ने जीत दिलाने के लिए घर-घर तक डबल इंजन की सरकार के कामों को बताया था, जिसके चलते ही बिहार में प्रचंड बहुमत से सरकार बनी है।

उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं ने पहले ही फैसला कर लिया था कि वापस से बिहार में जंगलराज न आए, इसीलिए हर व्यक्ति ने आगे बढ़कर मतदान किया और विकास करने वाली सरकार का चुनाव किया है क्योंकि जनता अभी भी पहले के जंगलराज को भूला नहीं पाई है।

लोजपा के 9 प्रत्याशी जीतने पर सांसद वीणा देवी ने कहा कि जनता ने हम लोगों पर भरोसा किया है, इसके लिए हम उनको धन्यवाद देते हैं। हमारी सरकार लगातार जनता के पक्ष में काम कर रही है, जिससे जनता और बिहार का विकास तेजी से हो सके। आने वाले समय में बिहार में विकास तेज रफ्तार से होने वाला है।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास पर भरोसा जताया है, बार-बार प्रगति और विकास पर भरोसा जताया है। जनता को विश्वास है कि हमारा बिहार विकसित होगा, विकसित प्रदेशों में बिहार गिना जाएगा, यह सरकार बिहार के विकास पर ध्यान केंद्रित करती रही है और आगे इसे तेज गति से बढ़ाया जाएगा।

महागठबंधन पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि वे लोग उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे थे, जिनका एक भी प्रत्याशी जीता नहीं है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद के लिए उनको उम्मीदवार बनाया गया था, जिनकी पार्टी चुनाव में बुरी तरह हारी है। इन लोगों ने जनता को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन जनता इनकी बातों में नहीं आई थी।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों ने शानदार प्रदर्शन किया। भाजपा सबसे ज्यादा सीट जीतकर पहले नंबर पर रही। दूसरे नंबर पर जदयू और तीसरे नंबर पर लोजपा (रामविलास) है।