बिहार की जनता महागठबंधन सरकार बनने का इंतजार कर रही है: मृत्युंजय तिवारी

0
23

पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी ने दावा किया है कि पहले चरण में जनता ने महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए वोट किया था, अब जनता एक बार फिर दूसरे चरण के लिए महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करेगी।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में राजद नेता ने दावा किया है कि 14 नवंबर को बिहार में बदलाव होने जा रहा है और महागठबंधन की सरकार बन रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसी सरकार को देखने का इंतजार कर रही है, जिसे उन्होंने वोट किया। महागठबंधन की सरकार आने के बाद किए वादों को पूरा किया जाएगा क्योंकि बिहार के नौजवान के भविष्य को बचाने के लिए जनता ने वोट किया है। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद लोकतंत्र का महापर्व खत्म हो जाएगा। 14 नवंबर को महागठबंधन की बंपर जीत होगी।

राजद नेता ने शीतकालीन सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सत्र को लेकर विपक्ष पूरी तैयारी कर रहा है। सरकार को हर चीज पर जवाब देना होगा। इसके बाद देखते हैं कि क्या होता है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि कौन हिंदू है, कौन मुस्लिम, कौन सिख, और कौन ईसाई। यही हमारे देश की खूबसूरती है कि हम एक-दूसरे के धर्मों का सम्मान करते हैं। हम एक-दूसरे को गले लगाते हैं, भाईचारा बढ़ाते हैं और इसलिए हमारा भारत दुनिया का सबसे अच्छा देश है।

बता दें कि बिहार में रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार थम जाएगा। एनडीए और महागठबंधन के नेताओं ने जोर-शोर से प्रचार किया। 6 नवंबर को पहले चरण में हुए बंपर मतदान के बाद, 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए मतदान होना है।

राजनीतिक दलों की ओर से दावा किया जा रहा है कि 6 नवंबर की तरह ही दूसरे चरण में बंपर मतदान होगा। 14 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।