नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता आरपी सिंह ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बिहार दौरे को लेकर कहा कि वे उल्टी गिनती गिनना शुरू कर दें, क्योंकि महागठबंधन विधानसभा का चुनाव हारने वाली हैं।
प्रियंका गांधी शनिवार को बेगूसराय में थी। उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार की धरती ने आजादी के आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई। इस आंदोलन ने हमें हमारा संविधान और वोट का अधिकार दिया। आज एनडीए की सरकार इसी अधिकार को छीन रही है।
बिहार में एसआईआर के तहत लाखों वोट काट दिए गए। 20 साल से चल रही एनडीए सरकार ने बिहार को गरीबी, बेरोजगारी व पलायन की विभीषिका में धकेल दिया है और अब जनता का वोट चोरी करके सत्ता बचाने की कोशिश कर रही है। बिहार की जागरूक जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस पर भाजपा नेता ने कहा कि सपने देखना अच्छी बात होती है, लेकिन बिहार में महागठबंधन का सपना पूरा नहीं होगा। महागठबंधन की हार होने वाली है।
भाजपा नेता आरपी सिंह ने जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में कोई भेदभाव या पक्षपात नहीं है। जो भी कानूनी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी।
अनंत कुमार सिंह की गिरफ्तारी पर मंत्री जनक चमार ने कहा कि महागठबंधन और एनडीए में यही अंतर है। एनडीए सुशासन की सरकार है, चाहे कोई भी व्यक्ति हो। अगर उसके खिलाफ आरोप लगे तो उसे सलाखों के पीछे जाना होगा।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में मुख्यमंत्री आवास से अपराध का संचालन होता था। अपराधियों को संरक्षण प्राप्त था। जंगलराज को बिहार की जनता भूली नहीं है और समझ रही है। उन्होंने कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं हो सकता है और नीतीश कुमार के शासन में भले ही व्यक्ति कोई भी हो, उसे कानून का पालन करना होगा और आरोप लगेंगे तो जेल भी जाना होगा।

