भाजपा चुनाव आयोग का उपयोग अपने हित में कर रही: इंद्रविजय सिंह गोहिल

0
14

गुजरात, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इन्द्रविजय सिंह गोहिल ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

इन्द्रविजय सिंह गोहिल ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी द्वारा वोट अधिकार से हो रही चोरियों का मुद्दा उठाया गया है। गोहिल ने दावा किया कि देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में गलत सूची और फर्जी दस्तावेजों के जरिए गड़बड़ी की जा रही है।

कांग्रेस ने कहा कि चुनाव आयोग के सामने यह बड़ा सवाल है और पार्टी पांच करोड़ नागरिकों के सिग्नेचर अभियान के साथ मोर्चा खोलेगी। गोहिल ने बताया कि हाल ही में घोषित हुए मतदाता आंकड़ों में भी गड़बड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग का उपयोग अपने हित में कर रही है और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटील के चौरासी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की सूची में धांधली की जा रही है।

कांग्रेस ने ऐलान किया कि आगामी दिनों में गुजरात के सभी मत क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित होंगे। दिल्ली में सबसे बड़ा मार्च आयोजित कर नागरिकों को जोड़ा जाएगा। 3 अक्टूबर से सिग्नेचर अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें खासतौर पर युवाओं और महिलाओं को जोड़ा जाएगा।

गोहिल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मत का मूल्य खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं महंगाई से जूझ रही हैं, जबकि भाजपा सत्ता की भागीदारी में व्यस्त है। कांग्रेस ने ये भी कहा कि उसके पास सभी दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं और वह आक्रामक आंदोलन करेगी।