पटना, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने दी।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर गुरु प्रकाश पासवान ने आईएएनएस से कहा कि यह किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं।
यह दृश्य पूरे देश के युवाओं को एक साफ संदेश देता है कि भारतीय जनता पार्टी वह एकमात्र पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। पार्टी में मेहनत और समर्पण के दम पर कोई भी व्यक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए गुरु प्रकाश पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में ‘जंगल राज और हिंसा’ का माहौल बना हुआ है। यहां तक कि कलकत्ता हाईकोर्ट की एक बेंच को भी इस स्थिति पर टिप्पणी करनी पड़ी है।
पासवान ने दावा किया कि राज्य में अराजकता, कानून व्यवस्था की कमी और भ्रष्टाचार का दौर चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि चाहे संदेशखाली का मामला हो या आरजी मेडिकल कॉलेज से जुड़ी घटनाएं, हर जगह टीएमसी समर्थित गुंडों द्वारा हिंसा की जा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने भरोसा जताया कि यह हिंसा और खून-खराबे का दौर जल्द खत्म होगा और जनता को राहत मिलेगी।
देश की सुरक्षा पर बोलते हुए पासवान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा, आत्मसम्मान और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं कर सकता।
गुरु प्रकाश पासवान ने पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यदि कोई भारत की संप्रभुता को चुनौती देने की कोशिश करता है, तो देश उसका जवाब उसी की जमीन पर जाकर देता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट है कि देश की एकता, सुरक्षा और विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता पूरे आत्मविश्वास के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी बात रखने में जुटे हैं।
पटना के एक हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रहे छात्र की संदिग्ध हालात में मौत पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, “यहां कानून का राज है। कानून के राज का यही मतलब होता है और आप निश्चिंत रहें, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक ऐसा उदाहरण पेश किया जाएगा ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की सोचे भी नहीं।”

