चीनी प्रतिनिधि ने अफगानिस्तान में आतंकवादी ताकतों के खात्मे का किया आग्रह

0
16

बीजिंग, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि फू त्सोंग ने 10 दिसंबर को अफगानिस्तान पर आयोजित सुरक्षा परिषद की खुली बैठक में संबोधित करते हुए कहा कि अफगानिस्तान में जड़ें जमा चुकी आतंकवादी ताकतों का पूर्ण उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मजबूत अपेक्षा है।

फू त्सोंग ने अपने भाषण में कहा कि आतंकवाद एक ‘घातक ट्यूमर’ है, जो अफगानिस्तान की स्थिरता और विकास के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने अफगान सरकार से आग्रह किया कि वह आतंकवाद के मुद्दे को सही ढंग से समझे, अपनी आतंकवाद-विरोधी प्रतिबद्धताओं का ईमानदारी से पालन करे और देश में मौजूद सभी आतंकवादी तत्त्वों के खात्मे के लिए और अधिक दृढ़ एवं प्रभावी कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि ऐसा करके अफगानिस्तान न केवल क्षेत्रीय देशों बल्कि संपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुदाय का विश्वास और समर्थन प्राप्त कर सकता है।

चीन के प्रतिनिधि ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को वैचारिक पूर्वाग्रह और भू-राजनीतिक गणनाओं से ऊपर उठकर आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होना चाहिए। उन्होंने दोहरे मापदंडों और चयनात्मक नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसी प्रवृत्तियां अफगानिस्तान में लंबे समय तक स्थायी शांति की राह में बाधा बनती हैं।

फू त्सोंग ने आगे कहा कि दुनिया को अफगानिस्तान की स्थिति में ठोस सुधार लाने के लिए वहां की सरकार के साथ संपर्क और संवाद को और अधिक मजबूत करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सुरक्षा परिषद से आग्रह किया कि वह परिस्थितियों को देखते हुए अफगानिस्तान पर लगाए गए प्रतिबंध तंत्र की समयानुकूल समीक्षा करे। इसके साथ ही, संवाद को सुगम बनाने हेतु व्यापक यात्रा-प्रतिबंध छूट व्यवस्था को शीघ्र पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अफगान जनता की कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तत्काल मानवीय सहायता प्रदान करनी चाहिए, ताकि देश को गहरे संकट से बाहर निकालकर स्वतंत्र और टिकाऊ विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

फू त्सोंग ने संबंधित देशों से अपील की कि वे अफगानिस्तान के केंद्रीय बैंक की विदेशी संपत्तियों को तुरंत और बिना किसी शर्त के मुक्त करें, अवैध एकतरफा प्रतिबंध हटाएं और अफगानिस्तान के आर्थिक पुनर्निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)