निर्वाचन आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराता है: योगेंद्र चंदोलिया

0
26

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर जोरदार पलटवार किया है जिसमें उन्होंने वोटों की चोरी का दावा किया था। भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी समेत विपक्षी दल तब चुप रहते हैं जब वे चुनाव जीतते हैं। चुनाव में हारने के बाद चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष देना शुरू हो जाता है।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वे न तो किसी जांच के पक्ष में हैं और न ही खिलाफ। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराता है।

हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का उदाहरण देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस ने चुनाव जीता, तब भाजपा ने कभी यह नहीं कहा कि उन चुनावों में कोई गड़बड़ी हुई। विपक्ष को चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बजाय उसके कार्यों का सम्मान करना चाहिए।

भाजपा सांसद ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान को मार गिराने के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह बयान इसलिए जरूरी था क्योंकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर संदेह जता रहे हैं।

चंदोलिया ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी समेत विपक्षी दल भारत के वायुसेना प्रमुख के बयान को नहीं मान रहे और पाकिस्तान के हित में बोल रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर पाकिस्तान के प्रवक्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी आस्था भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में है। साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर लोकसभा की कार्यवाही बाधित करने और ऑपरेशन सिंदूर और बिहार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर चर्चा से बचने का भी आरोप लगाया।