कांग्रेस ने पहले बिहार को बर्बाद किया और बाद में ‘लालटेन’ पकड़ा दिया: सीएम मोहन यादव

0
4

पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को कहा कि बिहार में नीतीश कुमार एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने सुशासन के सिद्धांतों से बिहार को विकास की नई गति प्रदान की है।

बिहार के विक्रम विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार गौतम बुद्ध की धरती है। बिहार की जनता ने कभी जंगलराज झेला है। कांग्रेस और विपक्षी दलों की सरकारों में लाइसेंस, कोटा और परमिट राज चलता था। कांग्रेस के राज में देश की हालत दयनीय हो गई थी। कांग्रेस ने युवाओं की योग्यता का गला घोटा और बिहार को बर्बाद किया और बाद में लालटेन पकड़ा दिया।

उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा की। हमारी पार्टी और एनडीए में एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है, क्योंकि यहां लोकतंत्र है। नीतीश कुमार का भी इतिहास यही है। आज लोकतंत्र को बचाने की चुनौती है।

उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि लाल किताब वाले को बुद्धि का ही पता नहीं चलता। भाषा और भाव कैसा हो, पता ही नहीं। सुप्रीम कोर्ट में बार-बार माफी मांगते हैं, लेकिन सुधरने को तैयार ही नहीं हैं। कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के आर्थिक तंत्र में बदलाव आया है। आज गरीबों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। दुनिया में भारत की साख बढ़ रही है। कांग्रेसी तो भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लिए फैसला दे दिया है, अब बारी मथुरा की है। यमुना किनारे भी कन्हैया मुस्कुराएंगे।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अबकी बार भी एनडीए की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री यादव इससे पहले कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में भी एक जनसभा को संबोधित किया।