सोनिया गांधी ने देश के लिए बहुत कुछ समर्पित किया: अतुल लोंढे पाटिल

0
17

नागपुर, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने मंगलवार को वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया।

अतुल लोंढे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सोनिया गांधी सम्मानित हैं, जो इस देश की बेटी बनकर रह गईं। उन्होंने अपनी सास को खून से लथपथ होते हुए देखा। वे अपने पति को टुकड़ों में समेटकर लाईं। इसके बावजूद उन्होंने अपने इकलौते बेटे को राजनीति में आने दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब देश को जरूरत पड़ी, तो उन्होंने खुद को राजनीति में समर्पित कर दिया। वे आठ सालों तक राजनीति में नहीं थीं। आज उनकी नागरिकता के संबंध में झूठे दस्तावेज दिखाकर उन पर सवाल उठाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। ऐसा करके कुछ लोग झूठे सवाल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इन सवालों का मौजूदा समय में कोई मतलब नहीं बनता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम आप लोगों से डरने वाले नहीं हैं। हम किसी से नहीं डरते हैं। जब हम लोग अंग्रेजों से नहीं डरे और हमने उनके खिलाफ मोर्चा खोलने से कोई गुरेज नहीं किया, तो भला हम आप लोगों से कैसे डरेंगे? आप लोगों से डरने का तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।

उन्होंने दावा किया कि सोनियां गांधी के संबंध में जिस तरह का दस्तावेज प्रस्तुत किया है, उसमें झूठ साफ पकड़ा जा सकता है। उस समय दिल्ली को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र नहीं कहा जाता था। इससे झूठ साफ जाहिर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हिंदुस्तान की नागरिकता मिलने के बाद ही मताधिकार का प्रयोग किया था। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा जितनी मर्जी उतनी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर ले, लेकिन देशभक्ति को लेकर हमारे जोश और जज्बे को ये लोग खत्म नहीं कर सकते हैं।