कांग्रेस शासन की कमजोरी को चिदंबरम ने बताया : रविशंकर प्रसाद

0
24

पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम के 26/11 के खुलासे पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सवाल उठाए हैं। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस शासन की कमजोरी को चिदंबरम ने बताया। कांग्रेस के शासनकाल में ये हुआ, ये शर्म की बात है।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पी चिदंबरम 16 साल बाद देश को बता रहे हैं कि 26/11 मुंबई हमले में सैकड़ों लोग मारे गए थे। वे चाहते थे कि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन उस समय के विदेश मंत्री और तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सहमत नहीं हुए थे। यह कितनी शर्म की बात है।”

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कुछ आतंकवादी आकर मुंबई को दहला गए थे। उस समय भारत सरकार कुछ नहीं कर पाई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री चुप थे, गृह मंत्री, सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप थे। उस समय ये कौन सा भारत था?

उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रधानमंत्री मोदी का भारत है। उरी की घटना हुई तो हमारी सेना ने घुसकर पिटाई की। पुलवामा हुआ तो भी कार्रवाई की। पहलगाम हुआ तो इतनी पाकिस्तान की पिटाई की गई और आतंकवादियों के सारे ठिकाने नष्ट कर दिए गए। वायुसेना के जवानों ने घर में घुसकर आतंकी ठिकाने को नष्ट कर दिया था। ये प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। आज पाकिस्तान और आतंकवादी भारत के खिलाफ कुछ करने से पहले सोच रहे हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज कांग्रेस, सोनिया गांधी और राहुल गांधी देख रहे हैं कि उनके समय में देश कितना कमजोर था। इनकी पोल पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने समय रहते ही खोल दी है। देश की जनता को राहुल गांधी और सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस शासन के लिए ये बहुत शर्म की बात थी।