अयोध्या, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में संतों से भेंट की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विभिन्न अखाड़ों और मठों में पहुंचकर संतजनों का हालचाल जाना और दीपावली पर उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले दिगंबर अखाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने महंत सुरेश दास से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए। इस दौरान दोनों संतों के बीच प्रदेश और समाज से जुड़े विषयों पर चर्चा भी हुई।
मुख्यमंत्री बड़ा भक्त महल भी पहुंचे। यहां उन्होंने महंत कौशल किशोर दास जी महाराज से मुलाकात की। उन्होंने महाराज जी का हालचाल जाना और दीपावली पर उपहार भेंट अर्पित किए। वह राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी से मिलने मणिराम दास छावनी पहुंचे। उन्होंने महंत जी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए दीपावली उपहार प्रदान किया।
दीपोत्सव-2025 में रविवार को दो-दो कीर्तिमान रचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह निषाद और मलिन बस्ती पहुंचे। सीएम ने स्थानीय लोगों के साथ दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मिठाइयां, उपहार और फुलझड़ियां वितरित कीं। उन्होंने बुजुर्गों के साथ माताओं-बहनों को भी मिष्ठान्न और फलों की टोकरी भेंट की।
सीएम योगी ने कहा कि हर घर में दीप जरूर जलना चाहिए, क्योंकि वह दीप अयोध्या का प्रतीक बनेगा और उसके माध्यम से मां लक्ष्मी का आगमन होगा। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात है कि दीपावली के पावन अवसर पर मुझे अयोध्या धाम की निषाद बस्ती में आने का अवसर मिला है। जिन्होंने जीवन भर दूसरों को पार लगाने का कार्य किया, आज उनके बीच आकर उनका अभिनंदन करता हूं।