नई दिल्ली : डीटीसी बस और पुलिस वैन में टक्कर, तीन घायल, चालक गिरफ्तार

0
7

दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सुंदर नगरी स्थित गगन सिनेमा के पास डीटीसी बस और पुलिस वैन में टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

सूचना के अनुसार थाना नंद नगरी क्षेत्र के सुंदर नगरी स्थित गगन सिनेमा के सामने पुलिस की वैन मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डीटीसी बस ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन मंदिर की दीवार तोड़ते हुए परिसर में जा घुसी। हादसे के समय मंदिर में सो रहे दो युवक वैन की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे में पुलिस वैन के चालक को भी चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बस चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे हादसे की जांच कर रहे हैं।

वहीं, 9 अक्टूबर को दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव स्थित बी-5 ब्लॉक में एक निर्माणाधीन बेसमेंट की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह हादसा उस वक्त हुआ जब साइट पर बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था।

घायल मजदूरों की उम्र 35 से 45 वर्ष के बीच थी, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, राजस्थान के दौसा और दिल्ली के संगम विहार से था। मृतक की पहचान मदनगीर निवासी के रूप में की गई थी।