दिल्ली में भव्य तरीके से किया जाएगा छठ पूजा का आयोजन: प्रवेश वर्मा

0
7

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि इस बार छठ पूजा के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने छठ पूजा को लेकर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार के नेतृत्व में छठ पूजा का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें छठ पूजा के नाम पर सिर्फ राजनीति करती थीं और पूरे इंतजाम नहीं करती थीं, लेकिन इस बार दिल्ली सरकार सैकड़ों छठ घाट बना रही है और अपने फंड से सारी व्यवस्थाएं संभाल रही है। छठ पूजा इस बार बहुत धूमधाम से मनाई जा रही है। यह सिर्फ इस साल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर साल हम इसे और भी शानदार तरीके से मनाएंगे।

सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री प्रवेश वर्मा ने लिखा कि जय छठी मैया, सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत भक्ति, उल्लास और आस्था के साथ हो चुकी है। पहली बार दिल्ली अपने यमुना तट को इतने स्नेह और सम्मान से सजा रही है।

पूरी राजधानी में 1000 से अधिक छठ घाट बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धा और सुविधा का सुंदर संगम दिखाई देगा। यमुना के तट पर 17 विशेष मॉडल घाट भव्य स्वरूप ले रहे हैं। ये घाट उस बदलती दिल्ली का प्रतीक हैं जो परंपरा को आधुनिकता से जोड़ना जानती है। हर घाट पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधा की सर्वोत्तम व्यवस्था की गई है।

आगे लिखा कि लगभग 200 घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छठ महापर्व की लोकधारा और पूर्वांचल की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया जा रहा है।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पोस्ट में छठ पूजा की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने लिखा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान ‘नहाय-खाय’ की सभी श्रद्धालु व्रतिन बहनों को हार्दिक मंगलकामनाएं। सूर्य देव और छठी मईया की कृपा से प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का उदय हो। मातृशक्ति के इस अद्भुत पर्व पर सभी को सादर शुभेच्छा।