दिल्ली : यमुना का पानी लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे ‘आप’ नेता, पुलिस ने रोका

0
5

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में यमुना के पानी को लेकर घमासान तेज हो गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंचे और उन्हें चुनौती दी कि यदि यमुना का पानी वास्तव में साफ है, तो वे इसे सबके सामने पीकर दिखाएं।

‘आप’ नेताओं ने वजीराबाद क्षेत्र से यमुना का पानी बोतल में भरकर सीएम आवास पहुंचाया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर पहले ही रोक दिया। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर पूर्वांचल के लोगों को गुमराह कर रही है और बिहार चुनाव में राजनीतिक लाभ पाने के लिए उनकी जान से खेल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यमुना के पानी का आचमन करने का नाटक कर रहे हैं, जबकि यह पानी न पीने योग्य है और न ही नहाने योग्य। सौरभ भारद्वाज ने कहा, “दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की 23 अक्टूबर की रिपोर्ट साफ बताती है कि यमुना के पानी में मल की मात्रा बेहद अधिक है। यह पानी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। भाजपा नेता झूठ बोलकर जनता को जोखिम में डाल रहे हैं। यदि भाजपा का दावा सही है, तो रेखा गुप्ता और वीरेंद्र सचदेवा खुद यह पानी पीकर दिखाएं।”

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने हथिनीकुंड से ईस्टर्न कैनाल का पानी यमुना में छोड़कर दिखावा किया है ताकि यह साबित किया जा सके कि नदी साफ हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से भाजपा सरकार ने छठ पर्व के दौरान यमुना को प्रदूषित रखने की कोशिश की ताकि पूर्वांचल के लोग पूजा न कर सकें।

विधायक संजीव झा ने कहा कि डीपीसीसी की रिपोर्ट खुद भाजपा सरकार की है, जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि वजीराबाद, आईटीओ, कालिंदी कुंज, लक्ष्मी नगर और ओखला जैसे घाटों पर पानी में मल की मात्रा सैकड़ों गुना अधिक पाई गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यमुना के पानी का झूठा आचमन कर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे हैं, जिससे उनकी जान खतरे में पड़ सकती है। संजीव झा ने पूर्वांचल के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पूजा के दौरान यमुना के पानी का आचमन न करें और न ही लंबे समय तक उसमें खड़े रहें। उन्होंने कहा कि इस पानी से त्वचा रोग और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।