हर घुसपैठिए को भारत छोड़ना होगा: प्रेम शुक्ला

0
22

नई दिल्ली, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने विपक्षी सांसदों द्वारा संसद के शीतकालीन सत्र में वोट चोरी और एसआईआर पर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि हर घुसपैठिए को भारत छोड़ना होगा।

कांग्रेस की रैली से पहले नई दिल्ली में भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि किसी ने उन्हें विरोध करने से नहीं रोका है, लेकिन पहले एसआईआर प्रक्रिया में सबको शामिल करना चाहिए। वे कितना भी चमकने या डराने की कोशिश करें, यह याद रखना चाहिए कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत एक भी घुसपैठिए को वोटर लिस्ट में नहीं रहने दिया जाएगा। एक भी घुसपैठिए को वोट नहीं देने दिया जाएगा। जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट का प्रोसेस शुरू होगा। हर घुसपैठिए को देश छोड़ना होगा।

उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि वे कह रहे थे कि न तो ईवीएम में कोई गड़बड़ी है, न मतदाता सूची और न चुनाव की प्रक्रिया। गड़बड़ी कांग्रेस के संगठन में है। उन्होंने कहा कि संसद में हुई चर्चा को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्ष के लोगों ने सरकार की धज्जियां उड़ा दीं, लेकिन पूरे देश ने देखा है कि सदन की कार्यवाही के दौरान, चाहे वंदे मातरम पर बहस हो या चुनाव सुधार के मुद्दे पर, दोनों मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सत्ता पक्ष द्वारा जिस प्रकार से तथ्यों और प्रमाणों के साथ बात रखी गई, उसके चलते राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता बगलें झांक रहे थे।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा ई-सिगरेट का मुद्दा उठाए जाने पर प्रेम शुक्ला ने कहा कि संसद परिसर में सिगरेट पीना निश्चित रूप से शिष्टाचार का काम नहीं है। कोई भी सम्मानित व्यक्ति, खासकर संसद में, इसकी उम्मीद नहीं करेगा। जब एक टीएमसी सांसद को सदन में ई-सिगरेट पीते देखा गया तो यह स्पष्ट रूप से उल्लंघन पाया गया। भारत में ई-सिगरेट बैन हैं, और संसद में उन्हें पीना सदन की गरिमा का उल्लंघन है और एक अनैतिक काम है।