मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर गुरुवार को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के दोस्त उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं भेज रहे हैं। इस कड़ी में उनकी करीबी दोस्त करीना कपूर खान और करण जौहर ने भी जन्मदिन की बधाई दी।
दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अर्जुन कपूर के लिए प्यार भरा पोस्ट शेयर किया।
करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अर्जुन के साथ एक फोटो शेयर की। इस फोटो में दोनों केक के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। दोनों के चेहरों पर केक लगा हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
करीना ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे अर्जुन, तुम्हारे आने वाले साल बहुत शानदार रहे… ढेर सारा प्यार।”
बता दें कि करीना और अर्जुन ने साल 2016 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘की एंड का’ में साथ में काम किया था। दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है।
करीना के अलावा, फिल्ममेकर करण जौहर ने भी सोशल मीडिया पर अर्जुन कपूर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अर्जुन की एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें ‘यारों का यार’ टैग दिया।
करण ने लिखा, “सबसे मजेदार इंसान, यारों का यार और दिल में बहुत सारा प्यार। हैप्पी बर्थडे अर्जुन।”
भूमि पेडनेकर ने भी अर्जुन कपूर को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “हैप्पी बर्थडे अर्जुन, आप सबसे अच्छे इंसान हो।”
भूमि और अर्जुन ने ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में काम किया है।
बर्थडे बॉय अर्जुन कपूर की बात करें तो उन्होंने करियर की शुरुआत कैमरे के पीछे की, जब उन्होंने 2003 में फिल्म ‘कल हो ना हो’ में निखिल आडवाणी के साथ सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने ‘सलाम-ए-इश्क’, ‘नो एंट्री’, और ‘वांटेड’ जैसी फिल्मों में भी बतौर असिस्टेंट काम किया।
इसके बाद उन्हें यशराज फिल्म्स ने बतौर हीरो साइन किया। उनकी पहली फिल्म साल 2012 में आई ‘इश्कजादे’ थी, जिसमें उन्होंने परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया। यह फिल्म सुपरहिट रही और अर्जुन को खूब सराहना मिली।
इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अर्जुन ने ‘गुंडे’, ‘2 स्टेट्स’, ‘तेवर’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘नमस्ते इंग्लैंड’, ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’, ‘द लेडी किलर’, ‘की एंड का’, ‘मुबारकां’ और ‘सिंघम अगेन’ जैसी शानदार फिल्में की। ‘सिंघम अगेन’ में उन्होंने निगेटिव रोल के जरिए दर्शकों से खूब तारीफें बटोरी।