मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। अभिनेता चंकी पांडे और संजय कपूर इन दिनों अपनी पत्नियों भावना पांडे और महीप कपूर के साथ इस समय थाईलैंड में छुट्टियां मना रहे हैं। वहां चारों ने मिलकर एक साथ टुकटुक की सवारी का आनंद लिया।
टुकटुक थाईलैंड का ऑटो जैसा दिखने वाला स्थानीय वाहन है।
चंकी पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह संजय कपूर, भावना पांडे और महीप कपूर के साथ एक हल्की रोशनी वाले टुकटुक में बैठे नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए चंकी ने कैप्शन में लिखा, ‘चिवा सोम हुआ हिन (रिजॉर्ट) से एक गाता हुआ टुकटुक।”
वीडियो में चंकी को कहते हुए सुना जा सकता है, “हम थाईलैंड में हैं। हम टुकटुक में बैठे हैं। यह बहुत मजेदार है… और हम कहां हैं?”
इसके बाद संजय कपूर ‘आ जा मेरी गाड़ी में बैठ जा’ गुनगुनाने लगते हैं। यह गाना 1998 में रिलीज हुई ‘मिस 420’ का हिस्सा है, जिसे बाबा सहगल ने गाया था। इस फिल्म का निर्देशन आकाशदीप सबीर ने किया था।
‘मिस 420’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें शीबा आकाशदीप, बाबा सहगल, शक्ति कपूर, आशिफ शेख, मोहन जोशी और टिन्नू आनंद अहम किरदारों में नजर आए। इस फिल्म की रिलीज कई साल तक टलती रही और आखिरकार यह चार साल बाद, 23 जनवरी 1998 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
संजय कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह और चंकी अपनी-अपनी पत्नियों की ओर भागते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो पर मजाकिया कैप्शन देते हुए उन्होंने लिखा, ‘भागे हुए दुल्हे।’
वर्कफ्रंट की बात करें तो, चंकी पांडे को हाल ही में फिल्म ‘हाउसफुल 5’ में देखा गया। इस फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, डिनो मोरिया, जैकलीन, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चित्रांगदा सिंह, फरदीन खान, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, रणजीत, सौंदर्या शर्मा जैसी बड़ी स्टारकास्ट है।
फिल्म ‘हाउसफुल 5’ का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया है। यह फिल्म 6 जून को थिएटरों में रिलीज हुई। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है।
संजय कपूर को आखिरी बार 2024 में आई डिजिटल फिल्म ‘मर्डर मुबारक’ में देखा गया, जिसका निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, करिश्मा कपूर, सारा अली खान, विजय वर्मा, डिंपल कपाड़िया, संजय कपूर, टिस्का चोपड़ा, सुहैल नैय्यर और तारा अलीशा बेरी लीड रोल में थे।