संयुक्त राष्ट्र, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सोमवार को मिस्र के शहर शर्म अल-शेख में होने वाले “शांति सम्मेलन” में शामिल होने जा रहे हैं। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता कार्यालय ने दी।
कार्यालय के अनुसार, “महासचिव सोमवार को शर्म अल-शेख में शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मिस्र जा रहे हैं। उनके बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय लौटने की उम्मीद है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि यह सम्मेलन मिस्र के लाल सागर रिसॉर्ट शर्म अल-शेख में सोमवार को आयोजित होगा। इसका उद्देश्य गाज़ा में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते को अंतिम रूप देना है।
मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, इस बैठक की अध्यक्षता मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संयुक्त रूप से करेंगे। इसमें 20 से अधिक देशों के नेता शामिल होंगे। इनका लक्ष्य गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करना, मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता स्थापित करना और क्षेत्र में सुरक्षा का एक नया दौर शुरू करना है।
इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता शुक्रवार को प्रभावी हो गया, जिसके बाद मिस्र, कतर, तुर्की और संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता में शर्म अल शेख में दोनों पक्षों के बीच तीन दिनों तक गहन वार्ता हुई।
समझौते के पहले चरण में इजरायली सेना का गाजा सिटी, रफा, खान यूनिस और उत्तरी क्षेत्रों से हटना शामिल है। साथ ही पांच राहत मार्ग खोले जाएंगे ताकि सहायता सामग्री पहुंचाई जा सके, और दोनों पक्षों के बंधकों तथा कैदियों की रिहाई की जाएगी।
हमास के एक सूत्र ने शुक्रवार को बताया कि गाजा और मिस्र के बीच राफा क्रॉसिंग अगले सप्ताह के मध्य में फिर से खुलने की उम्मीद है ताकि लोगों की सीमित आवाजाही हो सके। हालांकि, इसके संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी घोषित नहीं की गई है।