नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में ग्रामीण विकास मंत्रालय से संबंधित दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से योजना की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। चौहान ने योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को ‘लखपति दीदी’ के नए लक्ष्य 6 करोड़ को प्राप्त करने के लिए विशेष रणनीति बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 6 करोड़ लखपति दीदी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 10 करोड़ दीदियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं से जोड़ना होगा। उन्होंने अधिकारियों को राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूर्ति के लिए ठोस कार्ययोजना पर कार्य करने का निर्देश दिया।
चौहान ने यह भी निर्देश दिया कि मिशन के तहत आवंटित बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिन राज्यों का प्रदर्शन आशानुकूल नहीं है अथवा आवंटित राशि का पूर्ण व्यय नहीं हो पा रहा है, उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया जाए, ताकि योजना के उद्देश्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित हो सके।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्यों के साथ सतत संवाद और समन्वय के माध्यम से योजना की प्रगति को सुदृढ़ किया जाए, जिससे अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
उल्लेखनीय है कि दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन चार प्रमुख घटकों पर कार्य करता है जिनमें संस्थागत निर्माण एवं क्षमता विकास, सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास, वित्तीय समावेशन तथा आजीविका संवर्धन शामिल हैं।
मिशन के अंतर्गत बैंक लिंकेज कार्यक्रम के माध्यम से अब तक लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता लाभार्थियों तक पहुंचाई गई है। इसके अतिरिक्त 5 करोड़ लोगों को वित्तीय साक्षरता से जोड़ा गया है तथा 7 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बीमा का लाभ प्रदान किया गया है।

