10 मिनट में जिया खान को मिली थी पहली फिल्म ‘निशब्द’, बिग बी के साथ रोमांस कर मिली सफलता

0
7

मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पर्दे पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का सपना हर स्टार का होता है। सेट पर उनके साथ सीन फिल्माने में ही अभिनेताओं की सांसें अटक जाती हैं, लेकिन एक चुलबुली लड़की ने पहली ही फिल्म के जरिए स्क्रीन पर अभिनेता को अपना दीवाना बना दिया।

हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड में चंद फिल्में करने वाली जिया खान की। 20 फरवरी को जिया खान की जयंती है, जिन्हें आज भी ‘जिया’ के किरदार के लिए याद किया जाता है।

न्यूयॉर्क में जन्मीं जिया खान को एक्टिंग विरासत में मिली थी, क्योंकि उनकी मां पहले से ही हिंदी सिनेमा का बड़ा नाम थीं। अभिनेत्री की मां का नाम है राबिया अमिन, जिन्होंने ‘कर्म युद्ध’, ‘लाकेट’ और ‘अंकुश’ जैसी फिल्मों में काम कर सफलता हासिल की थी। जिया भी अपनी मां की तरह फिल्मों में अपना भविष्य देखती थीं और राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘रंगीला’ से डेब्यू करने का मन बना लिया था।

फिल्मों में डेब्यू करना भी जिया के लिए काफी आसान था क्योंकि 10 मिनट की बातचीत में ही उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ पहली फिल्म ऑफर हो गई थी। सुनने में ये बात बहुत अजीब लगेगी, लेकिन अपने कॉलेज के होमवर्क के लिए अभिनेत्री अपने पसंदीदा निर्माता और निर्देशक से मिलने के लिए पहुंची थीं, जहां राम गोपाल वर्मा से 10 मिनट की बातचीत ने उनकी झोली में पहली फिल्म डाल दी और वो थी ‘निशब्द’।

अमिताभ बच्चन जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम करना जिया के लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा था, लेकिन सेट पर उनके साथ सीन को फिल्माने से पहले वह बहुत घबराती थी, लेकिन कैमरा रोल होते ही वे सब कुछ भूलकर बोल्ड सीन्स देने से भी पीछे नहीं हटीं। फिल्म भले ही अपना बजट ही निकाल पाई, लेकिन आलोचना की वजह से जिया को अच्छी-खासी पॉपुलैरिटी मिली थी। इसके बाद उन्होंने आमिर खान के साथ ‘गजनी’ और अक्षय कुमार के साथ ‘हाउसफुल’ भी की, लेकिन जिया की पर्सनल लाइफ करियर पर भी भारी पड़ गई।

जिया को भले ही फिल्मों में सफलता मिली, लेकिन निजी जिंदगी में प्यार में नाकाम रही। दो साल छोटे सूरज पंचोली के साथ प्यार में पड़ी जिया के लिए प्यार के अंत ने सब कुछ खत्म कर दिया। साल 2013 में अपने ही घर में जिया ने खुदकुशी कर ली।