आम आदमी पार्टी अब ‘आम लोगों की पार्टी’ नहीं रह गई : प्रवीण खंडेलवाल

0
5

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) और उसके नेतृत्व पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने निशाना साधा। भाजपा सांसद प्रवीण ने राज्यसभा में उपनेता पद से राघव चड्ढा को हटाए जाने को लेकर कहा कि यह साफ संकेत है कि आम आदमी पार्टी अब ‘आम लोगों की पार्टी’ नहीं रह गई है, बल्कि एक व्यक्ति की पार्टी बनकर रह गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में वही लोग टिक पाते हैं, जो अरविंद केजरीवाल की चापलूसी करते हैं। जिन मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी का गठन हुआ था, आज वे पूरी तरह गायब हो चुके हैं। सत्ता के लालच में केजरीवाल उन सभी मूल मुद्दों को भूल चुके हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि केजरीवाल अहंकार और घमंड से भरे हुए व्यक्ति हैं और केवल वही लोग उनके साथ रह सकते हैं, जो उनके इस रवैये को सहन करते हैं। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा ऐसे पहले नेता नहीं हैं, जिन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया हो बल्कि इससे पहले भी कई नेताओं के साथ ऐसा हो चुका है।

वहीं, पश्चिम बंगाल की स्थिति पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी से साफ होता है कि राज्य के हालात ठीक नहीं हैं। ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी काम के लिए गए अधिकारियों को भी सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में कुशासन ही देखने को मिला है। प्रवीण खंडेलवाल ने दावा किया कि इसी कारण इस बार बंगाल की जनता भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाकर सत्ता सौंपेगी।

इसके अलावा, उन्होंने असम विधानसभा चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। अपने कामों के आधार पर इस बार भी भाजपा राज्य में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।