पटना, 1 फरवरी (आईएएनएस)। जदयू नेता खालिद अनवर ने केंद्रीय बजट पर कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट आम लोगों के लिए बनाया गया है। मैं अपनी ओर से पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का तहे दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान जदयू नेता ने कहा कि इस बजट से जीवन को आसान बनाने, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, लोगों की प्रगति, बिजनेस ग्रोथ और छोटे टैक्सपेयर्स के हितों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। ऐसा लगता है कि यह बजट बहुत सोच-समझकर लाया गया है ताकि विकास के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
नीतीश कुमार ने पहले से ही लोगों के जीवन को आसान बनाने का काम शुरू किया था और यह बजट इज ऑफ लिविंग के इर्द-गिर्द केंद्रित है।
विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह बिहार केंद्रित बजट है। विपक्ष की आदत है अच्छी चीजों में भी राजनीति करनी होती है। इसलिए बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने बजट को ठीक से पढ़ा भी नहीं है। छोटे कारोबारियों के लिए बहुत अच्छे प्रावधान किए गए हैं।
पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए जदयू नेता ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश को समझ नहीं आ रहा कि अगर हिंदुस्तान के चलेगा तभी उसकी भी तरक्की होगी। पाकिस्तान के नेता सिर्फ राजनीति करते हैं, इसलिए वह देश विफल हो चुका है। क्रिकेट में भी वे राजनीति करते हैं और दूसरी सरकारों को इसमें शामिल करने का प्रयास करते हैं। खिलाड़ियों के लिए यह बहुत अफसोसनाक फैसला है।
जदयू नेता राजीव रंजन ने आम बजट पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प इस बजट से और मजबूत हुआ है। एक तरफ कैपिटल खर्च बढ़ाने के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की गई है, तो दूसरी तरफ संसाधनों के असमान वितरण से होने वाले क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। कई क्षेत्रों में बड़े निवेश की संभावना पैदा हुई है। यह सभी वर्गों के लिए शानदार बजट है।
विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष से अब और क्या उम्मीद की जा सकती है। मत्स्य पालन क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है और वाटरवेज हब विकसित करने के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि गंगा और अन्य नदियों के माध्यम से अंतर्देशीय जलमार्गों से माल ढुलाई आसान और सस्ती हो सकेगी।

